RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
best news portal development company in india
best news portal development company in india

माओवाद के खात्मे के बाद बस्तर में खुल रहे पर्यटन के नए द्वार, कुदुर बन रहा प्रकृति पर्यटन का नया आकर्षण,स्वच्छ जलधारा, खूबसूरत पहाड़ियां और समृद्ध जैव विविधता से प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित कर रहा कुदुर

सत्यानंद यादव 

 

कोंडागांव बस्तर के माटी समाचार, 25 नवंबर 2026 माओवाद के खात्मे के बाद जिले की एक नई तस्वीर सामने आ रही है। कभी माओवाद के भय के कारण लोगों की पहुंच से दूर रहे प्राकृतिक स्थल अब लोगों के आकर्षण का केंद्र बनने लगे हैं। शांति और सुरक्षा के वातावरण में लोग अंदरूनी इलाकों तक पहुंचकर वहां की प्राकृतिक खूबसूरती को निहार रहे हैं। जिले के मर्दापाल क्षेत्र का कुदुर भी एक ऐसा ही खूबसूरत स्थल है, जहां प्रकृति पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में माओवाद के खात्मे के बाद बस्तर में विकास के साथ पर्यटन के नए रास्ते भी खुल रहे हैं। कभी माओवाद के कारण जिन इलाकों में जाने से लोग कतराते थे, आज वहां की नदियां, पहाड़ियां, घने जंगल और प्राकृतिक धरोहर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। वर्षों तक बाहरी दुनिया की नजरों से दूर रहे इन क्षेत्रों की प्राकृतिक खूबसूरती अब अपनी नई पहचान बनाने लगी है।

जिला मुख्यालय से लगभग एक घंटे और मर्दापाल से करीब आधे घंटे की दूरी पर पुषपाल घाटी से लगा कुदुर प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। यहां कांच की तरह साफ नदी का पानी, दूर तक फैली पहाड़ियों की श्रृंखला और चारों ओर पसरी हरियाली बेहद मनमोहक है। नदी का पानी इतना स्वच्छ है कि उसकी तलहटी तक दिखाई देती है। शहर की भागदौड़ से दूर यहां का शांत वातावरण लोगों को प्रकृति के करीब होने का एहसास कराता है। बस्तर के अंदरूनी इलाकों में मौजूद ऐसे अनेक स्थल अब पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान बना सकते हैं।

 

प्राकृतिक सौंदर्य के साथ जैव विविधता का अनमोल खजाना

 

कुदुर केवल अपनी खूबसूरत वादियों और स्वच्छ जलधारा के लिए ही खास नहीं है, बल्कि जैव विविधता के लिहाज से भी यह क्षेत्र काफी समृद्ध है। यहां भारतीय गिरगिट (इंडियन कैमेलियन), विभिन्न प्रजातियों के पक्षी, रंग-बिरंगी तितलियां और अनेक जीव-जंतु देखने को मिलते हैं। यहां की वनस्पतियां और प्राकृतिक परिवेश प्रकृति प्रेमियों एवं वन्यजीव प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं।कुदुर में प्रकृति भ्रमण, पक्षी अवलोकन, पर्यावरण अध्ययन और इको-टूरिज्म की अच्छी संभावनाएं हैं। माओवाद के खात्मे के बाद अब इन क्षेत्रों की प्राकृतिक संपदा को करीब से देखने और समझने का अवसर भी लोगों को मिल रहा है।

 

पर्यटन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल सकती है मजबूती

 

बस्तर के अंदरूनी क्षेत्रों में पर्यटन की बढ़ती संभावनाएं स्थानीय ग्रामीणों के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। कुदुर जैसे स्थलों में पर्यटन सुविधाओं के विकास से स्थानीय युवाओं को पर्यटक गाइड, होम-स्टे संचालन सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकते हैं। वहीं स्थानीय व्यंजनों, हस्तशिल्प, जनजातीय कला और महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को भी नया बाजार मिल सकता है।स्थानीय समुदायों की भागीदारी से प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति को भी व्यापक पहचान दिलाई जा सकती है।

 

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Comment

Powered by myUpchar

माओवाद के खात्मे के बाद बस्तर में खुल रहे पर्यटन के नए द्वार, कुदुर बन रहा प्रकृति पर्यटन का नया आकर्षण,स्वच्छ जलधारा, खूबसूरत पहाड़ियां और समृद्ध जैव विविधता से प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित कर रहा कुदुर

Weather Forecast

DELHI WEATHER

पंचांग