अफवाहों से घिरा ईंधन संकट… प्रशासन बोला – घबराइए नहीं, पेट्रोल-डीजल भरपूर है!
बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS), गरियाबंद
गरियाबंद जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस को लेकर फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन अब खुलकर मैदान में उत

र आया है। पेट्रोल पंपों पर उमड़ती भीड़, लंबी कतारें और लोगों में बढ़ती चिंता के बीच कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री भगवान सिंह उइके ने साफ संदेश दिया है — “जिले में पेट्रोल डीजल के किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है, लोग अफवाहों पर ध्यान न दें।”
प्रशासन द्वारा जारी अपील में बताया गया है कि जिले के सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की लगातार निगरानी करें और जरूरत पड़ने पर अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई जाए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ने लगी थी। कई लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाते नजर आए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सोशल मीडिया और स्थानीय चर्चाओं में ईंधन खत्म होने जैसी बातें तेजी से फैलने लगीं। इसी के बाद जिला प्रशासन को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (घरेलू गैस) की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी भी प्रकार की शॉर्टेज नहीं है और गैस आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन और गैस खरीदें, अनावश्यक भीड़ न लगाएं और किसी भी भ्रामक सूचना पर भरोसा करने से पहले प्रशासनिक सूत्रों से पुष्टि करें।
साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि अफवाह फैलाने वालों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सके।
अब देखना होगा कि प्रशासन की इस अपील के बाद पेट्रोल पंपों पर लगी भीड़ कम होती है या फिर अफवाहों का असर यूं ही जारी रहता है।

