सत्यानंद यादव
कोण्डागांव बस्तर के माटी समाचार , 24 नवंबर 2026/ माओवाद के साये से निकलकर बस्तर अंचल अब शांति, विश्वास और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। कभी माओवादी गतिविधियों के कारण विकास की मुख्यधारा से दूर रहे क्षेत्रों में अब शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच निरंतर बढ़ रही है। बदलते बस्तर की ऐसी ही तस्वीर कोण्डागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र अंतर्गत सुदूर ग्राम कुधुर में देखने को मिली, जहां मंगलवार को कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कभी माओवाद से प्रभावित रहे कुधुर में जिला स्तरीय प्रशासनिक बैठक का आयोजन क्षेत्र में बदलती परिस्थितियों, शांति की स्थापना और विकास के प्रति शासन-प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। दूरस्थ अंचलों में प्रशासनिक पहुंच से जहां ग्रामीणों तक शासकीय सेवाओं की पहुंच सुदृढ़ हो रही है, वहीं विकास की नई संभावनाएं भी आकार ले रही हैं।
कलेक्टर ने बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। विशेष रूप से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं और शासकीय सेवाओं का सहज लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
धान खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अवैध धान खरीदी पर सख्त निगरानी के निर्देश
कलेक्टर ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में संचालित धान खरीदी कार्य की समीक्षा करते हुए सभी नोडल अधिकारियों को अपने प्रभार क्षेत्र के धान उपार्जन केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने, निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने तथा उपार्जन केन्द्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी एसडीएम को धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर सतत निगरानी रखने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की निर्माण प्रगति की समीक्षा करते हुए अपूर्ण आवासों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मॉडल आंगनबाड़ी केन्द्रों के कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
अटल डिजिटल सेवा केन्द्रों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्माण पूर्ण हो चुके केन्द्रों का शीघ्र संचालन प्रारंभ कर ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा निर्माणाधीन केन्द्रों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी सदन के भवन निर्माण कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पंजीयन कार्य में तेजी लाने तथा सभी पात्र किसानों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल से जल उपलब्ध कराने सहित शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई करते हुए उनका समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसामान्य की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दूरस्थ अंचलों में विकास कार्यों को गति देने के साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच व्यापक बनाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

