सत्यानंद यादव
कोण्डागांव बस्तर के माटी समाचार क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कोण्डागांव में संचालित शामपुर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं से मुलाकात की तथा उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई, छात्रावास की व्यवस्थाओं एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
विधायक सुश्री लता उसेंडी ने विद्यालय के शिक्षकों से भी चर्चा कर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की शिक्षा एवं विद्यालय की समग्र व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। वहीं छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भी विद्यालय और छात्रावास से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं, आवश्यकताओं एवं समस्याओं से विधायक जी को अवगत कराया।
विधायक लता उसेंडी ने बच्चों की बातों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक पहल करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि बच्चों का बेहतर भविष्य, उनकी शिक्षा और सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है। जनजातीय क्षेत्र के बच्चों को अच्छी शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए विद्यालय की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

