सत्यानंद यादव
कोंडागांव बस्तर के माटी समाचार, 10 जून तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जिला कोंडागांव के नेतृत्व में कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों एवं ज्वलंत समस्याओं के निराकरण हेतु मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के नाम प्रशासन को ध्यानाकर्षण ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के जिलाध्यक्ष द्रुपत राज सेठिया, प्रदीप श्रीवास्तव (प्रदेश उपाध्यक्ष, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ), विजयपाल सिंह (संभागीय संगठन सचिव), प्राधेश्याम नेताम (जिलाध्यक्ष, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ), कृष्ण कुमार पटेल (जिला कार्यकारी अध्यक्ष, एनएचएम संघ कोंडागांव) सहित गुप्त पोयाम, बलराम देवांगन, हेमसिंह सोढ़ी, ओ.पी. नेताम, पी.आर. नेताम, संतोष कुमार शील, भोजराज बघेल, टीकेश पांडे, यशवंत सोढ़ी, मनोज नाग एवं संत नाग उपस्थित रहे।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के लगभग साढ़े चार लाख अधिकारी-कर्मचारी एवं पेंशनरों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। ज्ञापन में प्रमुख रूप से केंद्र के समान महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत प्रदान करने, डीए एरियर की राशि जीपीएफ खाते में समायोजित करने, कर्मचारियों के लिए घोषित कैशलेस चिकित्सा सुविधा को तत्काल लागू करने, सेवानिवृत्ति पर 300 दिनों के अवकाश नगदीकरण की सुविधा प्रदान करने, संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण करने, शिक्षक एल.बी. संवर्ग को प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा लाभ देने तथा अनुकंपा नियुक्ति में 10 प्रतिशत की सीमा समाप्त करने की मांग की गई है।
संघ ने कहा कि विधानसभा बजट सत्र में की गई घोषणाओं एवं कर्मचारियों के हित में किए गए वादों को शीघ्र लागू किया जाना चाहिए। कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण न होने से उनमें असंतोष व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से शासन से मांग की गई कि “मोदी की गारंटी” के अंतर्गत कर्मचारियों के लिए की गई घोषणाओं को शीघ्र अमल में लाते हुए उपरोक्त सभी मांगों का त्वरित निराकरण किया जाए। इस दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

