RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
best news portal development company in india
best news portal development company in india

सीएम के आने की आहट और जागा सिस्टम! आठ साल से टूटी सड़क पर अब आनन-फानन में सर्वे

साहब आ रहे हैं… इसलिए सड़क भी ‘जाग’ गई! आठ साल बाद प्रशासन को दिखे गड्ढे

बस्तर के माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS),गरियाबंद

कहते हैं कि जब “बड़े साहब” आने वाले हों, तो फाइलें भी दौड़ने लगती हैं और वर्षों से सोई व्यवस्था भी अचानक जाग जाती है। कुछ ऐसा ही नजारा इन दिनों अमलीपदर में देखने को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संभावित दौरे से ठीक पहले वर्षों से बदहाल पड़ी मुख्य सड़क का पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा आनन-फानन में सर्वे शुरू कर दिया गया है।

अमलीपदर बस्ती की यह सड़क पिछले करीब आठ वर्षों से बदहाल है। बरसात में सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती है, जबकि गर्मी में धूल उड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी रास्ते से वे रोज स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचते हैं, लेकिन उनकी परेशानी पर कभी गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया।

वीआईपी आने वाले हैं… गड्ढे संभल जाओ! आठ साल बाद सड़क पर दौड़ा विभाग”

बताया जाता है कि खोखमा से घुमरा पदर तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क का निर्माण होना था, लेकिन किसी कारणवश काम शुरू नहीं हो सका और स्वीकृत राशि वापस चली गई। तब से क्षेत्रवासी बदहाल सड़क पर सफर करने को मजबूर हैं।
ग्राम पंचायत ने कई बार अपने सीमित संसाधनों से सड़क की मरम्मत कराई और संबंधित विभागों को पत्र भी भेजे, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं निकल पाया। नतीजा यह है कि सड़क पर आज भी बड़े-बड़े गड्ढे मौजूद हैं।

स्थिति केवल सड़क तक सीमित नहीं है। मुख्य मार्ग के दोनों ओर बढ़ते अतिक्रमण और घरों के सामने खड़े वाहनों के कारण अमलीपदर का मुख्य बाजार अक्सर जाम की समस्या से जूझता है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रशासन की नजर इस अतिक्रमण पर भी जाएगी, या फिर यह मुद्दा अगले किसी वीआईपी दौरे तक फाइलों में ही दबा रहेगा?
इधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता पवन साय हाल ही में जगन्नाथ मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। बताया जाता है कि उन्हें भी घुटनों तक भरे पानी और कीचड़ से होकर मंदिर के मंच तक जाना पड़ा। शायद वीआईपी के पैरों तक पहुंची यह परेशानी विभाग को भी दिखाई दे गई। लेकिन ग्रामीण पूछ रहे हैं कि जो लोग रोज इसी कीचड़ और गड्ढों से गुजरते हैं, उनकी तकलीफ आखिर कब दिखाई देगी?

जानकारी के अनुसार 18 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हेलीकॉप्टर से अमलीपदर पहुंचने की संभावना है। थाना परिसर में मौजूद हेलीपैड पर उतरने के बाद वे श्री जगन्नाथ मंदिर और गुंडिचा मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन कर सकते हैं। कुछ दिन पहले मंदिर के पूजक एवं अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित युवराज पांडे ने उन्हें आमंत्रित किया था।

फिलहाल प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा है। अब देखने वाली बात यह होगी कि मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल कुछ घंटों की प्रशासनिक सक्रियता तक सीमित रहता है या फिर वर्षों से टूटी सड़क, जलभराव,और अतिक्रमण जैसी समस्याओं के साथ साथ क्षेत्र में उठ रहे डायवर्सन सड़क के मांग का स्थायी समाधान भी लेकर आता है।

अब सवाल जनता का है—क्या सड़क का सर्वे या मरम्मत सिर्फ मुख्यमंत्री के स्वागत तक रहेगा, या आठ साल से इंतजार कर रही जनता को आखिरकार अच्छी सड़क भी मिलेगी?

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Comment

Powered by myUpchar

Weather Forecast

DELHI WEATHER

पंचांग