RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
RNI NO. CHHHIN /2021 /85302

नगर से जिला पंचायत तक भाजपा का परचम, गरियाबंद में भाजपाइयों  के बीच खुशी की लहर

गरियाबंद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गरियाबंद जिले में अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ को और अधिक सशक्त बना लिया है। नगर पालिका और जनपद पंचायत में जीत के बाद अब भाजपा ने जिला पंचायत पर भी कब्जा जमा लिया है। भाजपा समर्थित गौरी शंकर कश्यप निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए, जबकि लालिमा ठाकुर उपाध्यक्ष बनीं।

सुबह से बना था सस्पेंस, दोपहर में भाजपा ने किया ऐलान

गरियाबंद जिले में मंगलवार सुबह से ही राजनीतिक हलचल तेज थी। जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर सस्पेंस बना हुआ था, लेकिन दोपहर 12:30 बजे भाजपा नेतृत्व ने नामों पर मुहर लगाकर स्थिति स्पष्ट कर दी। इसके साथ ही पूरे जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

भाजपा की जीत पर नेताओं की प्रतिक्रिया

इस बड़ी जीत पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में जनता की स्वीकृति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा के विकास मॉडल और पार्टी की गारंटियों पर विश्वास जताया है, जिससे यह ऐतिहासिक जीत हासिल हुई।

भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और भाजपा नेतृत्व की रणनीति को दिया। उन्होंने कहा, “नगर पालिका से लेकर जिला पंचायत तक भाजपा की निर्णायक जीत ने साबित कर दिया है कि जिले में पार्टी की पकड़ और लोकप्रियता निरंतर बढ़ रही है।”

भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत के बाद पूरे गरियाबंद जिले में विजय रथ का जश्न मनाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला और मिठाइयां बांटीं। भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत न केवल जिले में पार्टी की मजबूती को दर्शाती है, बल्कि आगामी चुनावों के लिए भी एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Comment

Weather Forecast

DELHI WEATHER

पंचांग

error: Content is protected !!