गरियाबंद, 5 अप्रैल 2025 — उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व के तिरंगा वन परिक्षेत्र की सतर्क एंटी पोचिंग टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वन्य प्राणी के अवैध शिकार के मामले में दो शिकारियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सहायक संचालक श्री जगदीश प्रसाद डरो एवं श्री गोपाल सिंह कश्यप के मार्गदर्शन में की गई।

प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर दिनांक 3 अप्रैल 2025 को गाजिमुड़ा के कक्ष क्रमांक 1192 स्थित बैंकटो परिसर में वन विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। मौके से वन्य प्राणी कोटरा का मांस, अपराध में प्रयुक्त जाल, फंदा, कुल्हाड़ी तथा अन्य आपराधिक सामग्री जब्त की गई। छापे के दौरान एक अज्ञात प्राणी के मांस के अवशेष भी बरामद किए गए, जिसकी जांच की जा रही है।

इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रोशन लाल मांडवी (उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम मानपुर, थाना शोभा, जिला गरियाबंद) एवं अर्जुन सिंह मरकाम (उम्र 49 वर्ष) शामिल हैं। दोनों आरोपियों को दिनांक 4 अप्रैल को गिरफ्तार कर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 27(1), 29, 31, 39, 49, 50, 51, 52 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।
क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान आरोपी रोशन लाल की निशानदेही पर अपराध में प्रयुक्त फंदा व कुल्हाड़ी को जब्त किया गया। इस कार्रवाई से यह भी सामने आया है कि शाकाहारी प्राणियों के शिकार के बाद मांसाहारी प्राणी आबादी क्षेत्रों में दस्तक दे रहे हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

वन विभाग अब इस मामले में संलिप्त अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटा है। टीम की तत्परता से एक बड़े वन्य अपराध का पर्दाफाश संभव हो पाया है। हाल ही के दिनों में भी एंटी पोचिंग टीम की क्रिया अति सराहनीय रहा ।

