अमलीपदर में बिजली गिरने से घर को बड़ा नुकसान, तीन लोग मामूली घायल
बस्तर के माटी न्यूज़ (BKM), अमलीपदर
अमलीपदर में आज दोपहर के समय अचानक हुई प्राकृतिक आपदा ने स्थानीय निवासियों को हिला कर रख दिया। क्षेत्र के एक घर पर बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ है। इस हादसे में घर के ऊपरी मंजिल की दीवार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं, घर में सो रहे तीन लोगों को मामूली चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी। आसमान में काले बादलों के बीच अचानक तेज चमक और आवाज के साथ गिरी बिजली ने घर के आंगन में बना सीढ़ी लगा हुआ दीवार आर-पार तोड़ दिया। आवाज इतनी जोरदार थी कि आस-पास के लोग भी घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्रभावित परिवार की स्थिति
घटना के समय घर के अंदर सो रहे तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। परिवार के सदस्यों का कहना है कि बिजली गिरने के बाद पूरा घर हिल गया था और वे लोग डर के मारे एकदम से जाग गए।
क्षेत्र में बढ़ रही बिजली गिरने की घटनाएं
अमलीपदर क्षेत्र में बिजली गिरने की घटनाओं में पिछले कुछ समय से वृद्धि देखी जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली बार है जब किसी के मकान के ऊपर बिजली गिरी है। साधारणतः किसी के घर में बिजली गिरने का मामला बहुत ही कम सुनाई देती है । इस घटना के बाद से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आगामी दिनों में भी क्षेत्र में तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। अधिकारियों ने कहा है कि ऐसे प्राकृतिक आपदाओं से बचने के लिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। साथ ही, घरों में बिजली गिरने से बचाव के लिए आवश्यक उपकरण लगाने की भी सलाह दी गई है।
बिजली गिरने से बचने के उपाय:
-
बिजली चमकने के दौरान घर के भीतर ही रहें।
खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
मोबाइल फोन और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग न करें।
धातु के खंभों, तारों और बिजली के खंभों से दूर रहें।
इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और निवासियों को एक बार फिर से सतर्क कर दिया है। प्रशासन द्वारा लोगों को बिजली गिरने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई जा रही है ।