तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बोनस की सौगात, 4,655 संग्राहकों के खातों में पहुंचे 1.03 करोड़ रुपये
बीजापुर बस्तर के माटी समाचार
लंबे समय से बोनस का इंतजार कर रहे तेन्दूपत्ता संग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। वर्ष 2023 के तेन्दूपत्ता संग्रहण सीजन के प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) का वितरण शुरू कर दिया गया है। जिला वनोपज सहकारी संघ बीजापुर के अंतर्गत आने वाली सभी 28 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों द्वारा बोनस राशि का ऑनलाइन भुगतान किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिले के कुल 52,841 तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों को लगभग 10 करोड़ 66 लाख 6 हजार 747 रुपये बोनस के रूप में दिए जाएंगे। प्रथम चरण में 4,655 संग्राहकों के बैंक खातों में 1 करोड़ 3 लाख 53 हजार 878 रुपये ऑनलाइन हस्तांतरित कर दिए गए हैं।
शेष पात्र संग्राहकों के बैंक खातों में भी बोनस राशि जल्द ही ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से स्थानांतरित की जाएगी। इसके लिए समितियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पात्र संग्राहकों के नाम, आधार और बैंक खाते का सत्यापन कर आवश्यक प्रविष्टियां शीघ्र पूर्ण करें, ताकि किसी भी पात्र हितग्राही को बोनस से वंचित न रहना पड़े।
वन विभाग के अनुसार, जिन संग्राहकों का नाम अभी ऑनलाइन सॉफ्टवेयर में दर्ज नहीं है, उनका आधार और बैंक खाता जोड़ने की प्रक्रिया भी जारी है। सत्यापन पूरा होते ही उन्हें भी बोनस राशि का भुगतान किया जाएगा।
मानसून से पहले वर्ष 2026 के तेन्दूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक के साथ वर्ष 2023 का लंबित बोनस मिलना संग्राहकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इससे ग्रामीण परिवारों को दैनिक जरूरतों, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक कार्यों में आर्थिक सहायता मिलेगी।

