सत्यानंद यादव
कोंडागांव बस्तर के माटी समाचार गोवर्धन सेवा समिति यादव समाज के तत्वावधान में नगर स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर दिनभर धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
यादव समाज के नगर अध्यक्ष नरेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जन्माष्टमी का उत्सव पारंपरिक एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह विशेष पूजा-पाठ से होगी। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे से नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
दोपहर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, वहीं रात्रि में मानस गान का कार्यक्रम होगा। मध्य रात्रि 12 बजे भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव (प्राकट्य उत्सव) धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसके उपरांत श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
यादव समाज की ओर से कोंडागांव नगर एवं आसपास के सभी सनातन प्रेमियों व श्रद्धालुओं को इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का सादर आमंत्रण दिया गया है।


