सत्यानंद यादव
कोंडागांव बस्तर के माटी समाचार 18 नवंबर 2026 भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आदिम जाति विकास विभाग द्वारा आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय कोंडागांव में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समाज के प्रमुखों, मांझी-चालकी, गायता-पुजारियों एवं बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीर महापुरुषों के योगदान, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विरासत को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी को इससे जोड़ना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के अनेक महान नायकों ने अपनी संस्कृति, अस्मिता, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया है। उनके योगदान और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई, जिससे देशभर में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और योगदान को व्यापक पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने हजारों वर्षों से अपनी मौखिक परंपराओं, बोली-भाषा, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखा है। यह समाज की विशिष्ट पहचान है। इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में अलग जनजातीय मंत्रालय के गठन को जनजातीय समाज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। साथ ही कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
सुश्री उसेंडी ने वन अधिकार पट्टा वितरण का उल्लेख करते हुए बताया कि कोंडागांव जिले में लगभग 60 हजार वन अधिकार पट्टों का वितरण किया गया है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जंगल और प्राकृतिक संसाधन हमारी आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। यदि हम जीवनयापन के लिए एक पेड़ काटते हैं तो उसके अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लेना चाहिए, ताकि पर्यावरण सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के लिए नये भवन निर्माण की सौगात मिली है। उन्होंने सभी को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जनजातीय महापुरुषों के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि जनजातीय समाज की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि अनेक ऐतिहासिक चुनौतियों और बाहरी आक्रमणों के बावजूद उसने अपनी संस्कृति, बोली-भाषा और परंपराओं को संरक्षित रखा है। उन्होंने रानी दुर्गावती, शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गेंद सिंह, शहीद गुंडाधुर और भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने अपनी मातृभूमि, संस्कृति और समाज की अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
टेकाम ने कहा कि जनजातीय समाज की पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं में निहित है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त होने के बाद बस्तर क्षेत्र में शांति और विकास का नया वातावरण तैयार हो रहा है। अब इस अवसर का लाभ उठाकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कोंडागांव जिले में मक्का प्रसंस्करण संयंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। साथ ही एकलव्य विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए शिक्षा एवं विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने का आह्वान किया।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। जनजातीय समाज ने प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए अपनी संस्कृति और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखा है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता और तकनीकी विकास के साथ आगे बढ़ते हुए युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जिले के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बस्तर आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, मांझी-चालकी एवं गायता-पुजारियों का स्वागत करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा और विरासत को संरक्षित करने तथा उन्हें आगे बढ़ाने के संकल्प का अवसर है। उन्होंने बताया कि जिले की लिंगो नृत्य टीम ने धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विजयी रही। उन्होंने जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने तथा उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने में समाज प्रमुखों और मांझी चालकी गायता पुजारियों के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही समाज की युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़कर शिक्षा, खेल और विकास के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न नर्तक दलों एवं लोक कलाकारों द्वारा जनजातीय नृत्य एवं गीतों की मनमोहन प्रस्तुति दी गई। राष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने बच्चों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी, नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष दीपेश अरोरा, मनोज जैन, जितेन्द्र सुराना, हरपाल सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत केशकाल की अध्यक्ष श्रीमती नंदनी पोटाई, जनपद पंचायत माकड़ी की अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम, जनपद पंचायत फरसगांव अध्यक्ष मानकु नेताम, जनपद पंचायत बड़ेराजपुर अध्यक्ष सुकमन नेताम, नगर पंचायत केशकाल के अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी सहित जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त कृपेन्द्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, जनजातीय समाज के प्रमुख, मांझी-चालकी एवं गायता-पुजारी उपस्थित रहे।

