RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
best news portal development company in india
best news portal development company in india

विधायक सुश्री लता उसेंडी ने दी माकड़ी मे 81.46 लाख के विकास कार्यों की सौगात, माकड़ी में गारमेंट फैक्ट्री से 150 महिलाओं को मिलेगा रोजगार

सत्यानंद यादव 

 

कोंडागांव बस्तर के माटी समाचार 07 अक्टूबर 2026/ बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने बुधवार को माकड़ी में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात देते हुए माकड़ी को रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ाने की बात कही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा कार्य पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज माकड़ी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रोजगार के संसाधनों को बढ़ाने के लिए कोंडागांव में स्थापित गारमेंट फैक्ट्री की तर्ज पर माकड़ी में भी गारमेंट फैक्ट्री स्थापित की जा रही है। इसके शुरू होने से क्षेत्र की लगभग 150 महिलाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने कहा कि माकड़ी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जिले में जल्द ही सब्जी मंडी की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वहीं माकड़ी विकासखंड के ग्राम तितना में नर्सरी विकसित करने की कार्ययोजना भी शुरू की जा रही है, जिससे किसानों को सुविधा मिलेगी।

विधायक सुश्री उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं विकसित भारत-जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिनों के रोजगार का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

माकड़ी को रोजगार हब बनाने की दिशा में कार्य

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि माकड़ी को रोजगार हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आज गारमेंट फैक्ट्री के निर्माण का भूमिपूजन किया गया है। फैक्ट्री के शुरू होने से क्षेत्र की महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।

इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

 कार्यक्रम के दौरान माकड़ी विकासखंड के ग्राम माकड़ी में कुल 81.46 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें बुढ़ासागर तालाब सौंदर्यीकरण निर्माण कार्य – लागत 21.00 लाख रुपये, गारमेंट फैक्ट्री निर्माण कार्य – लागत 48.66 लाख रुपये, मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास अंतर्गत 300 मीटर सीसी सड़क निर्माण कार्य – लागत 7.80 लाख रुपये और बंजारा समाज के पास रोड निर्माण कार्य – लागत 3.00 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

कार्यक्रम में विधायक ने प्लाट पारा में आंगनबाड़ी भवन के लिए 12 लाख रुपए और मुख्य मार्ग से नयापारा तक सीसी रोड के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत 50 लखपति दीदी का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जुगबति पोयाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भगवती नेताम, नंदलाल राठौर, सरपंच श्रीमती रुक्मणी पोयाम, चंदन साहू, अनिल अग्रवाल, दीपेंद्र नाग, श्रीमती अनीता नेताम, जनपद सदस्य श्रीमती पूजा शर्मा, वीरेन्द्र प्रधान सहित जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अश्वन पुसाम, जनपद पंचायत सीईओ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Comment

Powered by myUpchar

Weather Forecast

DELHI WEATHER

पंचांग