RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
best news portal development company in india
best news portal development company in india

अमलीपदर में फिर सक्रिय हुआ सेंधमार गिरोह, चन्द्रु मोबाइल दुकान से 80 कीमती मोबाइल चोरी

बस्तर की माटी न्यूज़, (गरयाबंद)

अमलीपदर। क्षेत्र में एक बार फिर सेंधमार चोरों का आतंक बढ़ गया है। बीती रात अमलीपदर बाजार पारा स्थित चन्द्रु मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर चोरों ने करीब 80 मोबाइल फोन चोरी कर लिए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपए बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने बड़ी ही चालाकी से घटना को अंजाम दिया। उन्होंने पहले मोबाइल दुकान के बगल में स्थित एक सैलून में सेंधमारी की, और फिर उसी सैलून से दीवार तोड़कर चन्द्रु मोबाइल दुकान के अंदर प्रवेश किया। बताया जाता है कि कुछ साल पहले भी इसी दुकान में सेंधमारी हुई थी, जिसके बाद दुकान मालिक ने पिछली ओर एक अतिरिक्त दीवार बनवाई थी। इस बार चोरों ने उसी बात को ध्यान में रखते हुए सैलून की दीवार का रास्ता चुना।

दुकान के अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने दुकान में रखे सभी महंगे मोबाइल फोन और कैश उड़ा लिए। जाते-जाते उन्होंने सीसीटीवी कैमरा और DVR बॉक्स भी तोड़ दिए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। चोरी के बाद दुकान के पीछे स्थित खेत में कुछ मोबाइल पैकिंग सामग्री बिखरी मिली, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर चोरी के बाद खेत की दिशा से फरार हुए।

घटना स्थल की बनावट और चोरों की कार्यशैली को देखकर यह स्पष्ट होता है कि चोरी की योजना काफी पहले से बनाई गई थी। चोरों ने न सिर्फ दुकान का पूरा नक्शा समझा, बल्कि यह भी पता लगाया कि किस दिशा से सेंधमारी करना आसान होगा। इससे यह संदेह गहरा रहा है कि इस वारदात में स्थानीय व्यक्ति या पूर्व में दुकान से परिचित कोई व्यक्ति भी शामिल हो सकता है।

सूचना मिलते ही अमलीपदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

स्थानीय व्यापारियों ने लगातार हो रही सेंधमारी की घटनाओं पर नाराजगी जताई है और प्रशासन से रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। अमलीपदर बाजार क्षेत्र में पिछले कुछ सालों से छोटे-बड़े दुकानों में चोरी की वारदातें बढ़ी हैं, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है।

(संवाददाता राजीव लोचन की रिपोर्ट– बस्तर की माटी न्यूज़, अमलीपदर)

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Comment

Powered by myUpchar

Weather Forecast

DELHI WEATHER

पंचांग