घटिया निर्माण में भ्रष्टाचार की बू, पुलिया निर्माण पर उठे सवाल
बस्तर के माटी समाचार ।
भोपालपटनम / बीजापुर बस्तर प्राधिकरण मद से बन रही एक पुलिया निर्माण कार्य अब विवादों में घिरता नजर आ रहा है। ग्रामीणों और जानकारों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिया निर्माण में नाले के चिकने बोल्डर, घटिया रेत और निम्न गुणवत्ता के सीमेंट का उपयोग किया जा रहा था। आरोप है कि सरपंच कांतैया कोरम द्वारा इस निर्माण कार्य को नियमों को ताक पर रखकर अंजाम दिया जा रहा था।

जब इस संबंध में सरपंच से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि “मैं पहली बार निर्माण कार्य कर रहा हूं और यह काम इंजीनियर सोरी की निगरानी में हो रहा है।”
हालांकि, इस मामले में इंजीनियर लक्ष्मीकांत सोरी ने साफ तौर पर किसी भी प्रकार की संलिप्तता से इनकार कर दिया है।
वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुलिया का लेआउट एसडीओ शहनवाज खान द्वारा दिया गया था। मामले में एक और गंभीर पहलू सामने आया है—निर्माण कार्य में कथित रूप से नाबालिग मजदूरों से भी काम कराया जा रहा था।

सूत्रों के अनुसार, जब सरपंच को संभावित कार्रवाई की चेतावनी दी गई, तो निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। फिलहाल पुलिया अधूरी स्थिति में पड़ी हुई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि—
👉 क्या जिम्मेदार अधिकारी मौके पर जांच कर घटिया सामग्री को हटाकर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करेंगे?
👉 या फिर इसी कथित भ्रष्टाचार की नींव पर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा?
📌 फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है, और ग्रामीणों की नजरें अब अधिकारियों के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

