बीजापुर में ठेकेदार का आत्महत्या नोट वायरल, पीएमजीएसवाई के ईई पर गंभीर आरोप
बीजापुर बस्तर के माटी समाचार, 21 मई 2026।
बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) विभाग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के निवासी राजकुमार कोण्डागुरला द्वारा लिखित एक कथित आत्महत्या नोट सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीएमजीएसवाई के प्रभारी ईई नवीन तोड़ें पर मानसिक एवं आर्थिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
वायरल पत्र में राजकुमार कोण्डागुरला ने उल्लेख किया है कि विभागीय प्रताड़ना, कार्य निरस्तीकरण और आर्थिक दबाव के चलते वे बेहद परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईई नवीन तोड़ें ने उन्हें नौकरी से निकलवाया तथा अन्य स्थानों पर भी काम नहीं मिलने देने का प्रयास किया।

पत्र में यह भी लिखा गया है कि उनके द्वारा किए गए सड़क निर्माण कार्य को निरस्त कर दिया गया, जिससे उन पर डोजर, ट्रैक्टर, जेसीबी, पोकलेन, रोलर, हाईवा और टिप्पर जैसे वाहनों का भारी भुगतान बकाया हो गया।
कथित सुसाइड नोट में राजकुमार ने लिखा है कि वे पीएमजीएसवाई कार्यालय के सामने फांसी लगाकर आत्महत्या करने को मजबूर हैं और अपनी मौत के लिए प्रभारी ईई नवीन तोड़ें को जिम्मेदार बताया है।
इधर इस मामले के सामने आने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया में वायरल पत्र को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि प्रशासन या पुलिस की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
वहीं, वायरल दस्तावेजों में सड़क निर्माण कार्य निरस्तीकरण आदेश और विभागीय त्यागपत्र की प्रतियां भी सामने आई हैं, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।
फिलहाल पूरे मामले की सत्यता और परिस्थितियों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इसकी कोई पुष्टि हमारे पास नहीं है। अधिकारी से इसकी जानकारी ली जाएगी

