RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
best news portal development company in india
best news portal development company in india

कोंडागांव पुलिस को मिली आधुनिक तकनीक की सौगात, मोबाइल फोरेंसिक वाहन एवं डायल-112 के सात वाहनों का शुभारंभ

सत्यानंद यादव

कोंडागांव बस्तर के माटी समाचार , 20 मई 2026/ पुलिस विभाग कोंडागांव द्वारा थाना परिसर में मोबाइल फोरेंसिक वाहन एवं डायल-112 सेवा के सात नए वाहनों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्र तथा स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध बस्तर लंबे समय तक माओवाद से प्रभावित रहा, लेकिन अब क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से बस्तर माओवाद मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि डायल-112 और मोबाइल फोरेंसिक जैसी आधुनिक सुविधाएं पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएंगी तथा आपात स्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने वर्ष 2030 तक बस्तर को देश का सबसे विकसित संभाग बनाने के संकल्प को दोहराते हुए जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया।

बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि आधुनिक तकनीकों से लैस डायल-112 सेवा कानून व्यवस्था को मजबूत करने में सहायक होगी। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वच्छ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए सभी से सहयोग करने की अपील की।

केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि डायल-112 सेवा आमजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय पर सही जानकारी मिलने से घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा वैज्ञानिक एवं संवेदनशील तरीके से कार्य करते हुए आपात स्थितियों में बेहतर समन्वय स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा पुराने कानूनों में बदलाव कर देश की न्याय व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि डायल-112 सेवा घटनाओं के साक्ष्य संकलन एवं त्वरित जांच में भी सहायक सिद्ध होगी।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने डायल-112 नियंत्रण कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, अनिल अग्रवाल, कुलवंत सिंह चहल, मनोज जैन, जितेंद्र सुराना, नागेश देवांगन, जिला पंचायत सदस्य  नंदलाल राठौर, पार्षद सुश्री सोनामणी पोयाम, श्रीमती ईना श्रीवास्तव, यतेंद्र सलाम सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नगरवासी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Comment

Powered by myUpchar

Weather Forecast

DELHI WEATHER

पंचांग