नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवाओं के लिए CRPF की नई पहल
सिलाई, कंप्यूटर, मुर्गी-मछली पालन के साथ पुलिस भर्ती की भी ट्रेनिंग; भटके युवाओं को रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास
बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS), गरियाबंद

गरियाबंद जिले के इंदागांव और अमलीपदर थाना क्षेत्र के युवक-युवतियों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से CRPF की 211वीं बटालियन की ओर से एक नई पहल शुरू की जा रही है। इंदागांव स्थित CRPF कैंप में युवाओं के लिए करीब एक माह तक चलने वाले विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण में युवक-युवतियों को रोजगार से जुड़े विभिन्न हुनर सिखाए जाएंगे। इनमें सिलाई प्रशिक्षण, कंप्यूटर शिक्षा, मुर्गी पालन, मछली पालन सहित अन्य रोजगारपरक गतिविधियों का प्रशिक्षण शामिल है। इसके साथ ही पुलिस एवं सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए भर्ती संबंधी प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

CRPF की इस पहल का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। खासकर ऐसे क्षेत्र, जहां कभी नक्सल गतिविधियों का प्रभाव रहा है, वहां युवाओं को सकारात्मक अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें समाज और रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

CRPF का प्रयास है कि क्षेत्र के नौजवान रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसरों से जुड़ें तथा किसी भी तरह से दोबारा उस रास्ते पर न जाएं, जहां उन्हें अंततः पश्चाताप के अलावा कुछ हासिल न हो। रोजगार और कौशल के माध्यम से युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य बताया जा रहा है।

इच्छुक युवक-युवतियां प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए कंपनी कमांडर निरंजन कुमार से संपर्क कर अपनी स्लॉट बुक कर सकते हैं।
📞 संपर्क नंबर: 8252259369

