विज्ञान वरदान या अभिशाप? गूगल मैप ने दिखाई सड़क, लेकिन पहुंचा दिया मुसीबत के दरवाजे पर!
जिसको राखे साईं, मार सके ना कोई! गूगल मैप की भटकन के बीच 112 ने बचाई छह जिंदगियां; साढ़े चार घंटे के रेस्क्यू के बाद लौटी चेहरों पर मुस्कान।
बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS), गरियाबंद।

कहते हैं, विज्ञान ने इंसान की जिंदगी आसान बना दी है। चांद तक पहुंचने से लेकर दुनिया को मोबाइल की स्क्रीन पर समेट देने तक, विज्ञान ने वह सब कर दिखाया जिसकी कभी कल्पना भी मुश्किल थी। लेकिन जब यही विज्ञान मंजिल तक पहुंचाने के बजाय मुसीबत के रास्ते पर खड़ा कर दे, तब सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर विज्ञान वरदान है या अभिशाप?

जी हां! बीती रात कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां गूगल मैप के भरोसे निकले छह राहगीरों को मंजिल तो नहीं मिली, लेकिन जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष जरूर करना पड़ा।
गूगल मैप की मेहरबानी, सड़क गायब और मुसीबत हाजिर!
दरअसल, ओडिशा के हल्दी क्षेत्र से छत्तीसगढ़ की ओर मीना बाजार में दुकान लगाने के लिए कुछ दुकानदार पिकअप वाहन में सामान लेकर रवाना हुए थे। वाहन में करीब छह लोग सवार थे, जिनमें दो महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल था। अनजान रास्ते में सफर आसान बनाने के लिए मोबाइल पर गूगल मैप चालू किया गया। फिर क्या था! मोबाइल ने रास्ता दिखाया और राहगीर उसके पीछे चल पड़े।

लेकिन डिजिटल दुनिया के इस मार्गदर्शक ने उन्हें ऐसी सड़क पर पहुंचा दिया, जहां सड़क कम और मुसीबत ज्यादा थी। चारों तरफ कच्चा-पथरीला रास्ता, झाड़ियां, नदी-नाले और आगे बढ़ने के लिए कोई सुरक्षित मार्ग नहीं।
हैरानी की बात यह कि जिस सड़क को गूगल मैप पर चकाचक रास्ते की तरह दिखाया जा रहा था, उसका निर्माण प्रस्ताव अभी सरकार की ओर से जारी हुआ है। न सर्वे पूरा हुआ और न सड़क का निर्माण, लेकिन डिजिटल नक्शे में मानो सड़क पहले से तैयार बैठी थी!
अब सवाल यह है कि जब जमीन पर सड़क ही नहीं, तो मोबाइल की स्क्रीन पर सड़क किसने बना दी? क्या गूगल मैप को सरकारी निर्माण से पहले ही भविष्य की सड़कें दिखाई देने लगी हैं?
जिसको राखे साईं, मार सके ना कोई!
आगे बढ़ते-बढ़ते पिकअप वाहन ऐसी स्थिति में पहुंच गया कि पलटने से बाल-बाल बचा और छह लोगों की जान पर संकट मंडराने लगा। आखिरकार मदद के लिए डायल 112 को सूचना दी गई और 112 के स्टाफ लक्ष्मण साहू और किशोर माझी ने कमर कस ली ।
कहावत है—जिसको राखे साईं, मार सके ना कोई! शायद इसी कहावत को चरितार्थ करते हुए संकट की उस घड़ी में मदद का एक नंबर सामने आया—112।
जब डिजिटल नक्शा भटकाए, तब 112 बने रास्ता दिखाने वाला!
सूचना मिलते ही अमलीपदर की ओर से 112 की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। रास्ता इतना दुर्गम था कि पुलिस जवानों को कच्चे-पथरीले मार्ग, नदी-नालों और झाड़ियों के बीच से गुजरना पड़ा। लेकिन संकट में फंसे लोगों तक पहुंचने का संकल्प इतना मजबूत था कि मुश्किल रास्ते भी उनके हौसले को नहीं रोक सके।

मौके पर पहुंचते ही सबसे पहले वाहन में सवार सभी छह लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद शुरू हुआ पिकअप को बाहर निकालने का कठिन अभियान। स्थानीय लोगों की मदद से झाड़ियां काटी गईं, रास्ता बनाया गया और काफी मशक्कत के बाद 112 वाहन की सहायता से पिकअप को टोचन कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

करीब 4 घंटे 15 मिनट तक चले इस पूरे रेस्क्यू अभियान के बाद जब छह लोगों के चेहरों पर राहत और मुस्कान लौटी, तो ऐसा लगा मानो उन्हें नई जिंदगी मिल गई हो।
अब लोगों की जुबान पर नई कहावत—जो डायल करे 112, तकलीफ कहीं ना होई!
आज 112 केवल एक आपातकालीन नंबर नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में उम्मीद का प्रतीक बनता जा रहा है। चाहे दुर्गम रास्ता हो, अंधेरा हो या कोई दूसरी आपात स्थिति, पुलिस जवानों की तत्परता और लोगों की सहायता के लिए आगे आने का जज्बा सराहनीय है।
यही वजह है कि लोगों की जुबान पर अब एक नई कहावत सुनाई देने लगी है—”जो डायल करे 112, तकलीफ कहीं ना होई!”
हालांकि इसका अर्थ यह नहीं कि लोग सावधानी छोड़कर अनजान रास्तों पर निकल पड़ें, लेकिन यह भरोसा जरूर है कि मुसीबत में सहायता के लिए एक व्यवस्था मौजूद है।
फिर वही सवाल—विज्ञान वरदान या अभिशाप?
यह पहला मामला नहीं है, जब गूगल मैप पर आंख मूंदकर भरोसा करना भारी पड़ा हो। हाल ही में फिंगेश्वर क्षेत्र में एक कार चालक को भी गूगल मैप ने बाइक निकलने योग्य रास्ते को कार का रास्ता बताकर तालाब की मेड़ तक पहुंचा दिया था। तीन दिनों की मशक्कत के बाद वाहन को वहां से बाहर निकाला जा सका।

बेशक गूगल मैप अनजान शहरों और रास्तों में लाखों लोगों के लिए मददगार है, लेकिन क्या मोबाइल की स्क्रीन पर दिखाई देने वाली हर सड़क जमीन पर भी मौजूद होती है? क्या यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों से रास्ते की जानकारी लेना और वास्तविक परिस्थितियों को समझना जरूरी नहीं है?

एक तरफ विज्ञान ने गूगल मैप के जरिए रास्ते आसान बनाए, तो दूसरी तरफ उसी तकनीक पर आंख मूंदकर भरोसा करने से लोग मुसीबत में भी फंस रहे हैं। वहीं आधुनिक संचार व्यवस्था से संचालित 112 सेवा ने संकट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर विज्ञान के सकारात्मक पक्ष की भी तस्वीर दिखाई।
आखिरकार सवाल गूगल मैप या 112 का ही नहीं, बल्कि विज्ञान के सही इस्तेमाल का भी है।
क्योंकि मोबाइल की स्क्रीन पर रास्ता मिल जाना और सुरक्षित मंजिल तक पहुंच जाना, दोनों एक बात नहीं हैं। और जब मुसीबत में 112 के जवान पहुंचते हैं, तब सचमुच लगता है—जिसको राखे साईं, मार सके ना कोई!

