सूखे पेड़ से टकराए बिजली तार, लगी भीषण आग – 25 गांव अंधेरे में डूबे, विभाग पर उठे सवाल
बस्तर के माटी न्यूज़ ( BKM)
मुड़गेल माल क्षेत्र में आज देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब तेज आंधी-तूफान के दौरान बिजली के तार एक सूखे पेड़ से टकरा गए और देखते ही देखते आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि तीन से चार किलोमीटर दूर से भी लपटें साफ दिखाई दे रही थीं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लगभग 25 गांव अंधेरे में डूब गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के काफी समय बाद तक न तो बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, न ही अग्निशमन विभाग की कोई टीम आई। आग पर काबू पाने की कोई तत्काल कोशिश नहीं की गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग ने हाल ही में डेंजर जोन में आने वाले पेड़ों की छंटाई के नाम पर कई बार बिजली की आपूर्ति रोकी थी, लेकिन असल में कोई प्रभावी कार्य नहीं हुआ। यदि सही समय पर सूखे और खतरनाक पेड़ों को काटा गया होता, तो शायद आज यह दुर्घटना टल सकती थी।
स्थानीय निवासियों ने यह भी आशंका जताई है कि आने वाले दिनों में फिर से लाइन कटौती कर पेड़ों की छंटाई के नाम पर सिर्फ बिजली बाधित की जाएगी, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं होगा।
इस हादसे ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि विभाग इस घटना से सबक लेकर वाकई डेंजर जोन की पहचान कर आवश्यक कार्य करता है, या फिर यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा, लाइन को सुबह से लेकर शाम तक बिजली को गुम किया जाएगा और आम लोग परेशान होते रहेंगे।

