देवभोग–अमलीपदर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण, कई पर कार्रवाई की तैयारी
बस्तर की माटी न्यूज़(BKM NATIONAL NEWS),गरियाबंद
औषधि नियंत्रक एवं खाद्य–औषधि प्रशासन के निर्देश पर शुक्रवार, 05 सितंबर 2025 को देवभोग, उरमाल और अमलीपदर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया। औषधि निरीक्षक धर्मवीर सिंह ध्रुव और सतीश सोनी के नेतृत्व में पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

निरीक्षण के दौरान दुर्गानाथ मेडिकोज, सुधीर मेडिकल स्टोर्स, साईनाथ मेडिकल स्टोर्स और गोयल मेडिकल स्टोर्स सहित कई प्रतिष्ठानों की गहन जांच हुई। टीम ने दवाइयों के क्रय–विक्रय बिल, स्टॉक रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की। इसमें पाया गया कि कुछ दुकानों में दवाइयों की बिक्री का बिल व्यवस्थित तरीके से संधारित नहीं किया जा रहा था। इस पर संबंधित फर्मों को नोटिस जारी कर प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी की गई।

इन दिनों मौसमी बीमारियों की वजह से दवाइयों की खपत बढ़ गई है। प्रशासन ने पारदर्शिता और नियमों के पालन पर विशेष जोर देते हुए साफ किया है कि बिल और रिकॉर्ड में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि देवभोग, अमलीपदर और उरमाल क्षेत्र में कहीं भी नशीली दवाइयाँ नहीं पाई गईं।

औषधि निरीक्षक धर्मवीर सिंह ध्रुव ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आगे भी क्षेत्र के अन्य मेडिकल स्टोर्स की जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

गौरतलब है कि हाल ही में जिले के अन्य हिस्सों, खासकर राजिम और फिंगेश्वर क्षेत्र के मेडिकल स्टोर में से नशीली दवाइयाँ जब्त की गई थीं। इसी कड़ी में राज्य सरकार के निर्देश पर NCORD (Narco Coordination Centre) समिति गठित की गई है, जिसके तहत औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम जिला भर में छापामार कार्रवाई कर रही है। इस टीम का मुख्य उद्देश्य अवैध नशीली दवाइयों की बिक्री पर रोक लगाना और ऐसे कारोबारियों पर सख्त सजा सुनिश्चित करना है।

प्रशासन की इस मुहिम का आम जनता ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि मेडिकल स्टोर्स में नियमों का पालन और पारदर्शिता बेहद जरूरी है, ताकि मरीजों को सही दवा मिल सके और युवाओं को नशे के जाल से सुरक्षित रखा जा सके।

