बहुप्रतीक्षित सुखा तेल नदी पर पुलिया निर्माण कार्य शुरू, क्षेत्र में खुशी का माहौल
बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS),गरयाबंद
अलीपदर क्षेत्र के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित सुखा तेल नदी के ऊपर पुलिया निर्माण का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। वर्षों से नदी पार करने में लोगों को हो रही परेशानी अब जल्द ही अतीत बनने की उम्मीद जगी है। यह पुलिया वेदांत कंस्ट्रक्शन कंपनी, अभनपुर द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये (4.95 लाख)की लागत से बनाई जा रही है। सरकार ने इस निर्माण कार्य को 15 दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने की समय-सीमा निर्धारित की है।

सेतु निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) संतोष कुमार पंडोले ने बताया कि “आज से विधिवत रूप से निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। शुरुआती चरण के बाद कार्य की गति और तेज की जाएगी तथा तय समय-सीमा के भीतर पुलिया का निर्माण पूरा किया जाएगा।” विभागीय स्तर पर कार्य की नियमित निगरानी भी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
पुलिया निर्माण की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोगों में हर्ष और उल्लास का माहौल है। बरसात के दिनों में घुटने भर पानी में नदी पार करने की मजबूरी, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए गंभीर समस्या बन जाती थी। कई बार आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब पुलिया बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले एमजी एसोसिएट्स को लगभग 7.30 करोड़ रुपये की लागत से इसी पुलिया का निर्माण कार्य सौंपा गया था। लेकिन तय समय-सीमा के एक वर्ष बीत जाने के बावजूद न तो पुल का निर्माण संपूर्ण कर पाया बल्कि एक खंभा भी खड़ा नहीं किया जा सका। इस गंभीर लापरवाही के चलते कंपनी को सरकार द्वारा ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में जनआंदोलन भी हुआ और ग्रामीणों ने प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री व गृह मंत्री तक को कई बार आवेदन-निवेदन सौंपे थे।

अब नए सिरे से निर्माण कार्य शुरू होने के बाद लोगों में उम्मीद तो है, लेकिन साथ ही यह सवाल भी बना हुआ है कि कहीं एमजी एसोसिएट्स की तरह यह कार्य भी अधूरा न रह जाए। फिलहाल क्षेत्रवासियों की निगाहें वेदांत कंस्ट्रक्शन कंपनी पर टिकी हैं—कि क्या वह तय समय में बहुप्रतीक्षित सुखा तेल नदी पुलिया का निर्माण पूरा कर लोगों को वर्षों से चली आ रही इस समस्या से स्थायी राहत दिला पाएगी या नहीं।


