गरियाबंद को मिला नया पुलिस कप्तान, वेदव्रत सिरमौर ने संभाला पदभार
बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS),गरयाबंद
गरियाबंद जिले में आज मंगलवार 23 दिसंबर 2025 को भारतीय पुलिस सेवा (भापुसे) के अधिकारी श्री वेदव्रत सिरमौर ने नए पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों एवं कार्य प्रगति की जानकारी ली।

इसके पश्चात एसपी सिरमौर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभी कार्यालयीन स्टाफ एवं शाखा प्रभारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय-सीमा में वरिष्ठ कार्यालय को प्रतिवेदन एवं आवश्यक जानकारियां अनिवार्य रूप से प्रेषित की जाएं।

नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए दो टूक कहा कि जिले में कहीं भी किसी भी प्रकार का गैरकानूनी कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध गतिविधियों की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी ने पुलिसिंग को मजबूत करने, जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सक्रिय एवं संवेदनशील कार्यशैली अपनाने पर जोर दिया।
पदभार ग्रहण के साथ ही जिले में सख्त और प्रभावी पुलिसिंग की उम्मीद जगी है।

