बस्तर के माटी समाचार
कृष्ण कुमार कुंजाम ब्यूरो चीफ बस्तर
दिनांक 16/02/2026, दिन सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा के जांच दल द्वारा ग्राम पंचायत गुमड़पाल स्थित कन्या आश्रम का विस्तृत निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान आश्रम में अध्ययनरत छात्राओं, उनके पालकों एवं ग्रामवासियों से चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली गई।
सभी छात्राओं एवं पालकों ने वर्तमान अधीक्षिका श्रीमती बलवंती कुजूर के कार्यों के प्रति संतोष व्यक्त किया। छात्राओं ने बताया कि उन्हें समय पर भोजन, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। अधीक्षिका 24 घंटे आश्रम में उपस्थित रहकर छात्राओं की देखरेख करती हैं।
जांच दल द्वारा आश्रम की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण भी किया गया, जिसमें किसी प्रकार की अनियमितता या त्रुटि नहीं पाई गई। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि वर्तमान अधीक्षिका के विरुद्ध लगाए गए आरोप तथ्यहीन एवं निराधार हैं।
ग्रामवासियों, छात्राओं, पालकों तथा आश्रम के कर्मचारियों (चौकीदार, रसोइया आदि) ने भी स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें वर्तमान अधीक्षिका से कोई आपत्ति नहीं है। उनका कहना है कि कुछ राजनीतिक तत्वों द्वारा षड्यंत्रपूर्वक एवं अनुचित दबाव बनाकर अधीक्षिका को हटाने का प्रयास किया जा रहा है तथा श्रीमती उमा बघेल को अधीक्षिका बनाने की कोशिश की जा रही है।
जांच दल ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी प्रकार का षड्यंत्र या आर्थिक लेन-देन के माध्यम से अनुचित प्रयास किए जा रहे हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के नाम शीघ्र ही सार्वजनिक किए जाएंगे।
इस दौरान जांच समिति के सदस्यगण एवं ग्राम स्तरीय समिति के सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से —
तुलाराम कश्यप (पूर्व जनपद सदस्य), बलदेव मंडावी, आयतु मंडावी (पूर्व सरपंच), राजू सोढ़ी (जनपद सदस्य), रीका कर्मा, सोनारू नाग (जिला उपाध्यक्ष), अजय बघेल (युवा ब्लॉक अध्यक्ष), शिवलाल मंडावी, बनकला कश्यप, सोमारी मंडावी एवं भुलकूराम नाग शामिल थे।
अंत में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा की जांच समिति द्वारा कन्या आश्रम गुमड़पाल की अधीक्षिका से संबंधित मामले की संपूर्ण जांच कर अपनी लिखित रिपोर्ट ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को सौंप दी गई है।

