ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बीजापुर बस्तर के माटी समाचार। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नीना रावतिया उद्दे ने ग्राम पंचायत कमकानार एवं आश्रित ग्राम चिनाजोजेर के ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए जिला कलेक्टर बीजापुर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि कमकानार के लगभग 300 तथा चिनाजोजेर के करीब 40 मकानों तक अब तक विद्युत लाइन का विस्तार नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों को दैनिक जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण लंबे समय से बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।

इसके अलावा क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए तालाब गहरीकरण, नए ट्यूबवेल पंप की स्थापना एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।
जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान आवश्यक है, ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाएं मिल सकें और उनका जीवन सुगम हो सके। उन्होंने प्रशासन से सभी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ जल्द कार्रवाई करने की अपील की।
इस अवसर पर सरपंच राजमणि ओयम, जनपद सदस्य बोथी ताती, संजय उईका, नारायण ओयम, प्रवीण उईका, रमेश उईका, रमेश बोडू, सुक्कू उईका, सन्नू उईका सहित स्थानीय ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

