नाबालिक लड़की ने की आत्महत्या। कारण अस्पष्ट । गांव में तनाव का माहौल
बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS),गरियाबंद
मैनपुर ब्लॉक के देवभोग थाना अंतर्गत मदांग मुड़ा गांव से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 9वीं कक्षा की एक छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय छात्रा घर में अकेली थी। उसके माता-पिता जंगल में पत्ता तोड़ने गए हुए थे। इसी दौरान छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। जब मोहल्ले के लोगों की नजर घर के अंदर पड़ी, तो छात्रा को फांसी पर झूलते हुए देखा गया। इसके बाद तुरंत गांव के कोटवार, सरपंच और उपसरपंच को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक का माहौल छा गया है। ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर गहरी चिंता और सवाल हैं कि आखिर इतनी कम उम्र में छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया। हालांकि कुछ लोग इस पूरे आत्महत्या को प्रेम प्रसंग का मामला भी कह रहे हैं ।

हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंच पाई थी। पुलिस जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की गहराई से जांच की मांग की है। साथ ही, यदि किसी प्रकार की साजिश या दबाव की बात सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज के सामने कई गंभीर सवाल खड़े करती है—खासकर किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक निगरानी को लेकर।

