स्वर्गीय भुवनेश्वर यादव के पीड़ित परिवार को सर्व यादव समाज ने दी ₹1.05 लाख की सहायता
रायपुर, बस्तर के माटी, 08 जून 2026।
मंदिर हसौद निवासी स्वर्गीय भुवनेश्वर यादव के पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ द्वारा ₹1,05,000 (एक लाख पांच हजार रुपये) की सहयोग राशि प्रदान की गई। समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने दशगात्र कार्यक्रम में पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
यह सहयोग राशि सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु के मार्गदर्शन, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष धनमती यादव के निर्देशन तथा मगधा यादव समाज रायपुर के जिलाध्यक्ष गजानंद यादव की पहल पर समाज के पदाधिकारियों, समाजसेवियों और समाजबंधुओं के सहयोग से एकत्रित की गई।
ज्ञात हो कि विगत दिनों भुवनेश्वर यादव की हत्या कर दी गई थी। वे अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन के बाद परिवार, विशेषकर छोटे बच्चों की शिक्षा एवं आजीविका को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई थी। इसी को देखते हुए यादव समाज ने मानवीय पहल करते हुए आर्थिक सहायता प्रदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरा यादव समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है तथा भविष्य में भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं मगधा यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश महासचिव मनोज कुमार यादव ने सहयोग राशि प्रदान करने वाले सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम में मुकेश यादव, राम यादव, अनिल यादव, शेखर यादव, जितेश यादव, ओमप्रकाश यादव (उपाध्यक्ष, नगर पंचायत मंदिर हसौद), बलवंत यादव, बल्ला यादव सहित विभिन्न यादव समाज संगठनों के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय भुवनेश्वर यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

