सीसी सड़क निर्माण में बाल मजदूरी, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी उठे सवाल
बीजापुर बस्तर के माटी समाचार
जिले के ग्राम पंचायत मिड़ते अंतर्गत ग्राम दुपेली में चल रहे सीसी सड़क निर्माण कार्य के दौरान बाल मजदूरी कराए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण स्थल पर नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराई जा रही है, जो श्रम कानूनों का उल्लंघन है।

मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों को कुछ बाल मजदूरों ने बताया कि वे कक्षा सातवीं में अध्ययनरत हैं और निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे हैं। बच्चों के इस बयान के बाद निर्माण कार्य को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य ठेकेदार मधुसूदन कटला द्वारा कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर कार्य संबंधी जानकारी प्रदर्शित करने वाला साइन बोर्ड तक नहीं लगाया गया है। इसके अलावा निर्माण कार्य के दौरान किसी इंजीनियर या तकनीकी अधिकारी तक मौजूद नहीं है

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना तकनीकी निगरानी के निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर बाल मजदूरी और निर्माण कार्य में संभावित अनियमितताओं पर कार्रवाई की मांग की है।

