RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
best news portal development company in india
best news portal development company in india

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही तस्कर सक्रिय! ओडिशा से लाई जा रही 60 बोरी अवैध धान पकड़ी गई

नागझर (ओडिशा) से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था धान, धोबनमाल में तहसीलदार ने पकड़ा वाहन; CG 23 K 9875 को देवभोग पुलिस के सुपुर्द किया।

बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS),गरियाबंद

छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आगाज होते ही धान तस्करों की सक्रियता भी बढ़ती नजर आ रही है। सरकार की सख्ती, प्रशासन की निगरानी और जगह-जगह चेकपोस्ट लगाए जाने के बावजूद ओडिशा से छत्तीसगढ़ में अवैध धान खपाने का खेल आखिर कैसे जारी है?

ताजा मामला गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र का है, जहां ओडिशा के नागझर से 60 बोरी धान लेकर छत्तीसगढ़ आ रहे एक वाहन को धोबनमाल में पकड़ा गया है। तहसीलदार उंगली के सुशील कुमार भोई ने कार्रवाई करते हुए वाहन क्रमांक CG 23 K 9875 को देवभोग थाना के सुपुर्द किया है।

दरअसल, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही सीमावर्ती इलाकों में धान के अवैध परिवहन की आशंका बढ़ गई है। ओडिशा से धान लाकर छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने के लिए बिचौलियों और तस्करों द्वारा रास्ते तलाशे जाने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।

इसी बीच नागझर, ओडिशा से 60 बोरी धान लेकर आ रहे वाहन को धोबन माल में पकड़ा गया। तहसीलदार सुशील कुमार भोई ने वाहन को रोककर कार्रवाई की और उसे आगे की जांच के लिए देवभोग पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सरकार किसानों को धान खरीदी और बोनस को लेकर लगातार भरोसा दिला रही है, तो फिर किसान और बिचौलिए ओडिशा के धान की खरीद-बिक्री के चक्कर में क्यों पड़ रहे हैं?

सरकार की ओर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान खरीदी की व्यवस्था और धान नहीं बेच पाने वाले पात्र किसानों को भी निर्धारित शर्तों के तहत लाभ देने की बात कही जा रही है। ऐसे में अफवाहों और बिचौलियों के बहकावे में आकर दूसरे राज्य का धान खरीदना आखिर किसके हित में है?

हालांकि प्रशासन की ओर से धान तस्करी रोकने के लिए निगरानी और नाकेबंदी के निर्देश दिए गए हैं। सीमावर्ती रास्तों पर जांच भी की जा रही है। इसके बावजूद कई ऐसे छोटे-बड़े रास्ते हैं, जहां से तस्कर बेखौफ होकर धान का परिवहन कर रहे हैं। पिछले दिनों के तेल कुटी के नाका को तोड़कर तस्कर धान लाने के बात भी सामने आई थी ।

अब सवाल यह है कि जब प्रशासन सतर्क है, अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश हैं और जगह-जगह नाके लगाए गए हैं, तो फिर ओडिशा से धान छत्तीसगढ़ के भीतर तक कैसे पहुंच रहा है? क्या निगरानी व्यवस्था में कोई कमी है या फिर तस्करों ने प्रशासन की आंखों से बचने के नए रास्ते खोज लिए हैं?

धोबन माल में 60 बोरी धान की यह कार्रवाई निश्चित रूप से प्रशासन की सतर्कता को दर्शाती है, लेकिन यह घटना सीमावर्ती क्षेत्रों में धान तस्करी रोकने की व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े करती है।

जरूरत सिर्फ एक वाहन पकड़ने की नहीं, बल्कि उन बिचौलियों और नेटवर्क तक पहुंचने की है, जो दूसरे राज्य से धान लाकर छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने की कोशिश करते हैं।

अब देखना होगा कि देवभोग पुलिस की जांच में इस वाहन के पीछे कौन-कौन से चेहरे सामने आते हैं और क्या प्रशासन धान तस्करी के इस पूरे नेटवर्क तक पहुंच पाता है?

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Comment

Powered by myUpchar

Weather Forecast

DELHI WEATHER

पंचांग