RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
best news portal development company in india
best news portal development company in india

दो दिन से लापता गुप्ता राम! वन विभाग की गिरफ्त से अस्पताल पहुंचा, फिर कहां गायब हो गया? बेटे की तलाश में मां की आंखों से बह रहे आंसू, सवालों के घेरे में पूरा वन अमला!

“मेरा बेटा कहां है साहब… वन विभाग वाले आकर मेरे लड़के को ले गए थे, लेकिन कहां ले गए, क्या किए, मुझे कुछ मालूम नहीं। अगर वह भाग गया है तो इसकी खबर भी मुझे नहीं दी गई… आखिर मेरा बेटा कहां है?” रो-रोकर बिलखती मां की यह पुकार अब वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS),गरियाबंद

मेडिकल जांच के लिए मैनपुर अस्पताल लाए गए व्यक्ति के लापता होने का मामला; दो दिन से वन अमला तलाश में जुटा, लेकिन अब तक नहीं मिला गुप्ता राम। गिरफ्तारी से लेकर अस्पताल से गायब होने और दो दिन तक परिजनों को स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने तक, आखिर इस पूरे घटनाक्रम के पीछे का सच क्या है?

उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिजर्व से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था, अभिरक्षा प्रबंधन और जवाबदेही पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन अपराध के एक मामले में गिरफ्तार किया गया व्यक्ति मेडिकल जांच के लिए मैनपुर अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल से ही अचानक लापता हो गया। घटना को दो दिन बीत चुके हैं। वन विभाग का अमला उसकी तलाश में जुटा हुआ है, लेकिन अब तक गुप्ता राम का कोई पता नहीं चल पाया है।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे दर्दनाक तस्वीर उस मां की है, जो अपने बेटे की सलामती की उम्मीद में दर-दर जानकारी मांग रही है। मां का सवाल है—जब वन विभाग के लोग उसके बेटे को घर से लेकर गए थे, तो अब उसकी जानकारी देने की जिम्मेदारी किसकी है?

मां की आंखों में आंसू, जुबां पर एक ही सवाल—मेरा बेटा कहां है?

जब इस मामले में हमने गुप्ता राम की मां पुनई बाई से चर्चा की, तो उन्होंने रोते-बिलखते हुए अपनी पीड़ा बयां की।


मां पुनई बाई का कहना है कि वन विभाग के कर्मचारी उनके घर आए थे और उनके बेटे को अपने साथ ले गए थे। लेकिन उसे कहां ले जाया गया, उसके साथ क्या हुआ और वह अब कहां है, इसकी कोई जानकारी उन्हें नहीं है।


उन्होंने दर्द भरे शब्दों में कहा—
“मेरा लड़का को वन विभाग वाले आकर ले गए हैं। कहां ले गए हैं, क्या किए हैं, मुझे मालूम नहीं है। अगर वह भाग गया है तो उसका भी खबर मुझे नहीं दिए हैं। मोर बेटा कहां है साहब?”

एक मां की यह गुहार सिर्फ अपने बेटे को खोजने की नहीं, बल्कि उस जवाबदेही की भी मांग है, जिसके तहत किसी व्यक्ति को अभिरक्षा में लेने के बाद उसकी सुरक्षा और उसके परिजनों को जानकारी देना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी होती है।

गिरफ्तारी से अस्पताल और फिर अचानक गायब—आखिर कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्ता राम पिता परस राम, जाति गोड़, निवासी ग्राम कोचेंगा/टागांपानी, वन परिक्षेत्र तौरेंगा (बफर), सर्कल गाजीमुड़ा के विरुद्ध पीओआर क्रमांक 29/11, दिनांक 24 जनवरी 2026 को वन अपराध का प्रकरण दर्ज किया गया था।
इसी मामले में वन विभाग द्वारा 24 नवंबर 2026 को उसकी गिरफ्तारी की गई। इसके अगले दिन 25 नवंबर को विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए शासकीय अस्पताल मैनपुर लेकर पहुंचे थे।


लेकिन अस्पताल में मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया के दौरान वह अचानक लापता हो गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब व्यक्ति वन विभाग की कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया गया था और उसे विभागीय अमला मेडिकल जांच के लिए लेकर पहुंचा था, तो उसकी निगरानी की जिम्मेदारी किसकी थी?

क्या अस्पताल में उसे अकेला छोड़ दिया गया था? क्या उसकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त कर्मचारी तैनात थे? क्या गिरफ्तारी के बाद निर्धारित अभिरक्षा प्रक्रिया का पालन किया गया था?

दो दिन से तलाश जारी, लेकिन अब तक नहीं मिला गुप्ता राम!

घटना के बाद वन विभाग का अमला गुप्ता राम की तलाश में जुट गया है। बताया जा रहा है कि दो दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
लेकिन इस पूरे मामले में एक और महत्वपूर्ण सवाल सामने आता है कि आखिर वह अस्पताल परिसर से किस परिस्थिति में गायब हुआ? क्या वह मौका देखकर वहां से चला गया, क्या किसी ने उसे जाते हुए देखा, या फिर घटनाक्रम में कोई ऐसी परिस्थिति बनी, जिसकी जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं हुई है?

इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल गुप्ता राम की तलाश जारी है और उसकी गुमशुदगी के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो पाई हैं।

जिम्मेदारी सिर्फ तलाश करने की नहीं, जवाब देने की भी है!

इस पूरे घटनाक्रम में जिम्मेदारी केवल उस कर्मचारी तक सीमित नहीं हो सकती, जो अस्पताल में मौजूद था। गिरफ्तारी करने वाले अधिकारी से लेकर अस्पताल तक ले जाने वाले कर्मचारी, अभिरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले व्यक्ति और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों तक पूरे विभागीय घटनाक्रम की जांच जरूरी है।
जांच में इन बिंदुओं को स्पष्ट किया जाना चाहिए—
_गुप्ता राम को गिरफ्तार करने की कार्रवाई किस अधिकारी के नेतृत्व में हुई?

_गिरफ्तारी के बाद उसकी अभिरक्षा किस अधिकारी या कर्मचारी को सौंपी गई थी?

_मेडिकल जांच के दौरान अस्पताल में कितने कर्मचारी मौजूद थे और उनकी ड्यूटी क्या थी?

_अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज में उसके लापता होने से पहले और बाद की क्या गतिविधियां दर्ज हैं?

_उसके लापता होने की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को कब दी गई?

_क्या उसकी गुमशुदगी की विधिवत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है?

_दो दिनों से तलाश जारी होने के बावजूद अब तक उसका पता क्यों नहीं चल पाया?

इन सवालों का जवाब सामने आना बेहद जरूरी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह केवल निगरानी में हुई लापरवाही थी या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति भी है।

एक मां अपने बेटे को खोज रही है, विभाग अपनी जिम्मेदारी कब स्पष्ट करेगा?

वन एवं वन्यजीव संरक्षण जैसे संवेदनशील दायित्व निभाने वाले विभाग के लिए यह मामला बेहद गंभीर है। किसी व्यक्ति को गिरफ्तार करना विभाग की कानूनी कार्रवाई का हिस्सा हो सकता है, लेकिन गिरफ्तारी के बाद उसकी सुरक्षा और अभिरक्षा सुनिश्चित करना भी उतनी ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

आज एक मां अपने बेटे की सलामती के लिए रो-रोकर गुहार लगा रही है। उसे यह तक स्पष्ट जानकारी नहीं है कि उसका बेटा कहां है और उसके साथ क्या हुआ। वहीं, वन विभाग का अमला दो दिनों से उसकी तलाश कर रहा है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब वन विभाग किसी व्यक्ति को गिरफ्तार करके अपने साथ ले जा सकता है, तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी थी? अस्पताल जैसी सार्वजनिक जगह से विभागीय अमले की मौजूदगी में एक गिरफ्तार व्यक्ति कैसे लापता हो गया? और दो दिन बाद भी उसकी तलाश पूरी क्यों नहीं हो पाई?

अब निगाहें उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी हैं। क्या विभाग इस मामले में निष्पक्ष जांच कराएगा? क्या अभिरक्षा में हुई संभावित लापरवाही की जिम्मेदारी तय होगी? और सबसे अहम—क्या एक मां को उसके बेटे की सही-सही जानकारी मिल पाएगी?

फिलहाल सवाल अनगिनत हैं, जवाब का इंतजार है और एक मां की पुकार है—साहब, मोर बेटा कहां है?

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Comment

Powered by myUpchar

Weather Forecast

DELHI WEATHER

पंचांग