धान तस्करों पर तहसीलदार सुशील कुमार भोई का सिंघम अवतार! एक ही रात में दो जगह ताबड़तोड़ कार्रवाई, तस्करों में मचा हड़कंप
कलेक्टर की सख्ती के बाद आखिर जागा प्रशासन! शीतलीजोर में 60 बोरी अवैध धान से भरी पिकअप जब्त, पुलिस के हवाले वाहन; सवाल अब भी कायम—सख्त निर्देशों और नाकेबंदी के बावजूद ओडिशा का धान छत्तीसगढ़ में कैसे पहुंच रहा है?
बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS), गरियाबंद।
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही एक तरफ किसान अपनी उपज बेचने के लिए खरीदी केंद्रों का रुख कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ ओडिशा से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने वाले तस्करों की सक्रियता भी बढ़ती दिखाई दे रही है। धान तस्करी रोकने के लिए कलेक्टर की सख्ती, अधिकारियों को लगातार निर्देश और सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि तस्करों के पहिए थमने का नाम नहीं ले रहे।
इसी बीच देवभोग क्षेत्र में नायब तहसीलदार -हेमलाल सिदार और अमलीपदार तहसीलदार सुशील कुमार भोई का कुछ ऐसा एक्शन देखने को मिला, जिसे देखकर कहा जा सकता है कि धान तस्करों के लिए अब रास्ते आसान नहीं रहने वाले। एक ही रात में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने अवैध धान परिवहन के खिलाफ शिकंजा कसने का प्रयास किया है। इनमें शीतलीजोर की कार्रवाई सबसे ज्यादा चर्चा में है।

शीतली जोर में 60 बोरी धान के साथ पिकअप जब्त, तहसीलदार का दिखा सिंघम अवतार!
ताजा कार्रवाई में नायब तहसीलदार देवभोग एवं तहसीलदार अमलीपदर की टीम ने शीतलीजोर क्षेत्र में अवैध धान परिवहन करते हुए 60 बोरी धान से भरी एक पिकअप वाहन को पकड़ा। वाहन क्रमांक CG-19 BE 1373 में धान का परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद वाहन और धान को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना देवभोग के सुपुर्द कर दिया गया।
धान तस्करी के खिलाफ इस तरह अचानक हुई कार्रवाई से यह साफ संकेत मिलता है कि प्रशासन अब केवल कागजों पर निगरानी करने के बजाय सड़कों पर उतरकर भी कार्रवाई कर सकता है। खासकर सुशील कुमार भोई की सक्रियता और लगातार हो रही कार्रवाई ने तस्करों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
एक ही रात, दो जगह कार्रवाई; आखिर कितनी बड़ी है तस्करी की जड़ें?
शीतलीजोर की कार्रवाई के अलावा धोबन माल क्षेत्र में भी ओडिशा के नागझर से 60 बोरी धान लेकर आ रहे एक वाहन को पकड़े जाने की कार्रवाई सामने आई थी। इस कार्रवाई में वाहन को देवभोग पुलिस के सुपुर्द किया गया।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले यह संकेत देते हैं कि सीमावर्ती क्षेत्रों से धान का अवैध परिवहन कोई छोटी-मोटी गतिविधि नहीं है। सवाल यह है कि जब एक ही रात में दो स्थानों पर वाहन पकड़े जा सकते हैं, तो फिर इससे पहले कितने वाहन बिना जांच के निकल चुके होंगे?
बड़ा सवाल _ तस्करी हो रहे अन्य रास्तों में कार्यवाही कब ?
अमलीपदर क्षेत्र में भी ऐसे कई चोरी के रास्ते हैं जहां पर धड़ल्ले से धान की तस्करी हो रही है । उड़ीसा सरकार के द्वारा नवनिर्मित पुलिया जो गरियाबंद जिले के धरुआ पखना के समीप है वहीं से सुबह से लेकर रात तक उड़ीसा और गरियाबंद के कुछ तस्कर बिना डर के धान का तस्करी कर रहे हैं । कुही माल के सड़क कैसे प्रशासन के नज़रों से वंचित है ? स्थानीय लोगों के कहना है कि दिन रात यही सड़क से कई पिकअप वाहन और ट्रैक्टर धान भरकर उड़ीसा से छत्तीसगढ़ ला रहे हैं परंतु प्रशासन के नजर इन पर नहीं पहुंच रहा है । पता नहीं इसके पीछे का रहस्य क्या है ?
कलेक्टर की सख्ती के बाद प्रशासन एक्शन में, लेकिन तस्करों की रफ्तार क्यों नहीं थम रही?
जिले में धान तस्करी रोकने के लिए कलेक्टर की ओर से सख्त निर्देश दिए गए हैं। सीमावर्ती रास्तों पर निगरानी, चेकपोस्ट और वाहनों की जांच की व्यवस्था भी की गई है। इसके बावजूद ओडिशा से छत्तीसगढ़ में धान की एंट्री लगातार होने की खबरें सामने आ रही हैं।
चर्चा तो यहां तक है कि अब तक हजारों क्विंटल धान सीमावर्ती रास्तों से छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर चुका हो सकता है। हालांकि इस आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। ऐसे में प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल पकड़े गए वाहनों की गिनती करना नहीं, बल्कि उन रास्तों और नेटवर्क का पता लगाना है, जिनके जरिए यह पूरा कारोबार संचालित हो रहा है।
तस्कर धान धोने में व्यस्त, प्रशासन दूसरे कामों में मस्त?
यह सवाल जरूर है, लेकिन व्यवस्था की हकीकत पर चोट करता है। एक ओर तस्कर रात के अंधेरे में धान की बोरियां सीमाएं पार कराने में जुटे हैं, तो दूसरी ओर प्रशासन को कई अन्य जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ रही हैं। ऐसे में निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है, यह जांच का विषय है।
जब अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं, नाके लगाए गए हैं और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी का दावा किया जा रहा है, तो फिर तस्करों को रास्ता आखिर कौन दिखा रहा है? क्या तस्करों ने नाकों से बचने के नए रास्ते खोज लिए हैं या निगरानी व्यवस्था में ही कोई ऐसी खामी है, जिसका फायदा उठाकर अवैध धान लगातार अंदर पहुंच रहा है?
कार्रवाई की तारीफ जरूरी, लेकिन असली परीक्षा तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने की
फिलहाल शीतली जोर में हुई कार्रवाई में नायब तहसीलदार सुशील कुमार भोई की सक्रियता और तत्परता की सराहना की जानी चाहिए। एक ही रात में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई यह बताती है कि इच्छाशक्ति हो तो प्रशासनिक अमला मैदान में उतरकर परिणाम भी दिखा सकता है।
लेकिन असली सफलता तब मानी जाएगी, जब पकड़ी गई 60 बोरियों के साथ-साथ यह भी पता लगाया जाए कि धान कहां से आया, किसके लिए लाया जा रहा था, इसके पीछे कौन से बिचौलिए हैं और अब तक कितनी खेप सुरक्षित तरीके से छत्तीसगढ़ की सीमा पार कर चुकी है।
अब सबसे बड़ा सवाल—जब कलेक्टर के निर्देश सख्त हैं, अधिकारी कार्रवाई कर रहे हैं और चेकपोस्ट भी मौजूद हैं, तो फिर ओडिशा का धान छत्तीसगढ़ में दाखिल कैसे हो रहा है?
कहीं ऐसा तो नहीं कि प्रशासन एक-एक पिकअप पकड़ने में लगा है और तस्कर पूरे नेटवर्क के साथ धान की हजारों बोरियां खपाने की तैयारी में हैं?
फिलहाल सुशील कुमार भोई का एक्शन तस्करों के लिए चेतावनी जरूर है। अब देखना यह है कि यह सिंघम अवतार आगे भी जारी रहता है या तस्करी का खेल फिर पुराने ढर्रे पर लौट आता है।

