सत्यानंद यादव
कोण्डागांव बस्तर के माटी समाचार जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के चावल की कालाबाजारी का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। इसी बीच कोण्डागांव स्थित माजीसा राइस मिल में पीडीएस चावल खपाए जाने के आरोप को लेकर स्थानीय पत्रकारों ने प्रशासन से शिकायत की। शिकायत के बाद प्रशासन की जांच टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक मिल में जांच-पड़ताल की। इस दौरान टीम ने संदिग्ध चावल का सैंपल संग्रह कर जांच के लिए लिया है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजकर 29 मिनट पर एक स्थानीय पत्रकार ने एसडीएम कोण्डागांव असवन पुसाम को फोन कर मिल में पीडीएस चावल खपाए जाने की सूचना दी थी। इस पर एसडीएम ने जांच टीम भेजने की बात कही। इसके बाद जांच टीम मौके पर पहुंची और मिल में उपलब्ध चावल की जांच की।
बताया जा रहा है कि पीडीएस चावल दोपहिया वाहन के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा राइस मिल तक लाया गया था, जिसे मिल में खपाए जाने का आरोप है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर चावल कहां से आया, किस व्यक्ति ने इसे मिल तक पहुंचाया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं? प्रशासन के सामने चुनौती है कि वह केवल मिल में मिले चावल का सैंपल लेकर औपचारिकता पूरी करने के बजाय चावल के स्रोत और उसकी पूरी सप्लाई चेन की निष्पक्ष जांच करे।
बाद में मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने करीब दो घंटे तक जांच-पड़ताल की और संदिग्ध चावल का नमूना एकत्र किया। अब सैंपल की जांच रिपोर्ट से ही चावल की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रशासन की निष्पक्षता की होगी परीक्षा
इस पूरे मामले में सिर्फ चावल के सैंपल की जांच पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि दोपहिया वाहन से चावल लाने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान, चावल के स्रोत और मिल में उसे खपाने की पूरी प्रक्रिया की भी जांच जरूरी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी निष्पक्षता से जांच करता है और पीडीएस चावल की कालाबाजारी के आरोपों की तह तक पहुंच पाता है या नहीं।

