नागकन्या या भावनात्मक भ्रम? मीनाक्षी की रहस्यमयी चीखें
सांप की पीड़ा, लड़की का विलाप! क्या यह पुनर्जन्म की गूंज है?
“जब सांप को लगी चोट, लड़की भी तड़प उठी – चमत्कार या तर्क?”
पढ़ें नाग पंचमी विशेष रिपोर्ट
बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS),गरियाबंद
सांप की पीड़ा, लड़की की चीख!
मयूरभंज में नागदेवता की ‘पुनरावृत्ति’ या अंधविश्वास का असर?
लोकेशन: चक्रपाल, ब्लॉक – उदाला, जिला – मयूरभंज (उड़ीसा)
“मुझे मत मारो… मुझे मत ले जाओ…”
सड़क पर सांप की तरह लोटती, फुफकारती एक लड़की और चारों ओर सन्नाटा। कुछ लोग वीडियो बना रहे थे, कुछ हैरान थे, तो कुछ इसे ‘नागकन्या’ का पुनर्जन्म बता रहे थे। मगर सवाल उठता है: यह आस्था है, कोई मानसिक बीमारी या अंधविश्वास की जकड़?

यह रहस्यमयी घटना घटित हुई है उड़ीसा के मयूरभंज जिले के चक्रपाल गांव में। गांव के एक पुराने मिट्टी के मकान में जब एक बड़ा नाग सांप देखा गया और उसे निकालने के लिए स्नेक हेल्पलाइन की टीम बुलाई गई, उसी दौरान गांव के रविंद्र सिंह की बेटी मीनाक्षी अचानक सड़क पर गिर पड़ी।

मीनाक्षी सांप की तरह रेंगने लगी, फुफकारने लगी, अपने हाथों को कुंडली की तरह मोड़ते हुए बोलने लगी – “मुझे मत छुओ… मुझे मत मारो… मैं यहीं रहूंगी।”
दर्शक बने ग्रामीण, अवाक हेल्पलाइन टीम
गांव वाले पहले इसे एक सामान्य बीमारी या सदमे की स्थिति समझ बैठे, लेकिन जब मीनाक्षी ने सांप जैसी आवाजें निकालनी शुरू कीं और शरीर में सांप जैसे निशान उभरने की बात कहने लगी, तब मामला ‘सामान्य’ नहीं रह गया। नाग पंचमी या फिर बसंत पंचमी के दिन उसकी रहन-सहन और चाली चलन में बहुत सारी भिन्नात्मक व्यवहार देखने को मिलता है ।
उसके परिवार का दावा है कि एक दिन पहले जिस सांप को उसकी मां ने चोट पहुंचाई, ठीक उसी जगह मीनाक्षी के हाथ पर भी उसी प्रकार का निशान उभर आया था।

क्या कहती है खुद मीनाक्षी?
उड़ीसा के एक न्यूज़ चैनल से बातचीत में मीनाक्षी ने कहा, “नाग पंचमी और बसंती पंचमी के दिन मेरे अंदर कुछ बदलता है। कई बार मैं खुद को सपने में सांप के रूप में देखती हूं। जब भी कोई सांप को तकलीफ देता है, मुझे दर्द होता है।”
नागकन्या या मानसिक संकट?
इस घटना ने इलाके में भारी चर्चा पैदा कर दी है। बड़ी संख्या में लोग उसे देखने उसके घर पहुंच रहे हैं। कुछ लोग इसे नागदेवता का अवतार मान रहे हैं तो कुछ अंधविश्वास मानकर चिंता जता रहे हैं।
विशेषज्ञ क्या कहते हैं?
स्थानीय मनोचिकित्सकों के अनुसार, यह “डिसोसिएटिव ट्रान्स एंड पज़ेशन डिसऑर्डर” जैसी मानसिक स्थिति हो सकती है, जिसमें व्यक्ति अचेत रूप से किसी शक्ति या रूप का ‘अभिनय’ करने लगता है। वहीं लोकपरंपरा और सांपों को लेकर लोगों की आस्था भी ऐसी घटनाओं को चमत्कार का रूप दे देती है।
बी के एम न्यूज़ की अपील
हमारा उद्देश्य किसी की आस्था को ठेस पहुंचाना नहीं है, बल्कि तथ्यों और वैज्ञानिक नजरिए से सच को सामने लाना है। हम किसी भी तरह के अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देते और सभी से अपील करते हैं कि ऐसी घटनाओं को समझदारी से देखें।
नागदेवता की पूजा भारतीय संस्कृति का हिस्सा है, लेकिन आधुनिक समय में हमें विज्ञान, चिकित्सा और मनोविज्ञान के माध्यम से भी इन घटनाओं को समझने की जरूरत है।

