सत्यानंद यादव
कोंडागांव बस्तर के माटी समाचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा कोंडागांव जिले में आयोजित “प्रमुख जन गोष्ठी” का भव्य आयोजन 3 अप्रैल 2026, शुक्रवार को ऑडिटोरियम कोंडागांव में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न वर्गों से जुड़े प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिकों सहित कुल 453 लोगों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गंगा राम माझी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विविध वर्गों को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना तथा संगठन के विचारों एवं कार्यों से परिचित कराना था। इस दौरान विभिन्न संगठनों एवं श्रेणियों—मजदूर संघ, शिक्षक संघ, चिकित्सक संघ, पूर्व सैनिक, पत्रकार, खेल जगत, स्वयं सहायता समूह, युवा संगठन, महिला समूह तथा अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख सुनील कुलकर्णी ने अपने प्रभावी उद्बोधन में राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होकर कार्य करता है, तभी एक सशक्त, समरस और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव होता है।
उन्होंने संगठन की कार्यपद्धति पर प्रकाश डालते हुए सेवा, समर्पण और संस्कारों को समाज जीवन की आधारशिला बताया। साथ ही “पंच परिवर्तन” — सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक कर्तव्य — विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया और उपस्थित जनों को इन विषयों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों पर सारगर्भित चर्चा हुई तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से किया गया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। जिला सह संघचालक विजय नाग ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

