निर्माण कार्य के एवज में ₹48 हजार रिश्वत लेने का आरोप, मामला मीडिया में आने के बाद मामले को रफा-दफा करने इंजीनियर पहुंचे सरपंच के पास
बस्तर के माटी समाचार
बीजापुर। भैरमगढ़ जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत पदस्थ एक इंजीनियर पर निर्माण कार्य के एवज में सरपंच से ₹48,000 फोनपे (PhonePe) के माध्यम से लेने का आरोप लगा है। आरोप है कि मामला मीडिया में आने के बाद संबंधित इंजीनियर सरपंच के पास पहुंचकर लिखित बयान लेने का प्रयास में लगे हैं
जानकारी के अनुसार, सरपंच का आरोप है कि निर्माण कार्य से संबंधित भुगतान और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर इंजीनियर ने ₹48,000 की राशि ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त की। मामला सार्वजनिक होने पर इंजीनियर ने स्वयं को सही ठहराने की कोशिश की, लेकिन यह स्पष्ट नहीं कर सके कि उक्त राशि किस मद या किस वैध कारण से ली गई थी।
बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले की जानकारी पहले ही जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को फोन के माध्यम से दी जा चुकी है। अब शिकायत पर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।
यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग से जुड़ा गंभीर विषय माना जाएगा। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


