ग्रामीण स्कूली बच्चों का सम्मान, दिल्ली राष्ट्रीय प्रतियोगिता का खुला रास्ता
36 ग्रामीण स्कूलों के बच्चों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा, 75 विद्यार्थियों का हुआ चयन
किरंदुल/कुआकोडा, दंतेवाड़ा
राकेश कुंजाम
कुआकोडा ब्लॉक के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र के स्कूली बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से AM/NS इंडिया द्वारा टाइम्स क्रिटिकल थिंकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ब्लॉक के 36 ग्रामीण स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 75 बच्चों का चयन अगले चरण के लिए किया गया।
चयनित विद्यार्थियों के सम्मान में किरंदुल के मंगल भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ AM/NS इंडिया के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान चयनित बच्चों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि की सराहना की गई।
दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा
AM/NS इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिता का तीसरा चरण आयोजित किया जाएगा। इस चरण में चयनित होने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली ले जाया जाएगा। खास बात यह है कि दिल्ली यात्रा से लेकर प्रतियोगिता से जुड़े आवश्यक खर्च का वहन AM/NS इंडिया द्वारा किया जाएगा।

अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की चयन आधारित प्रतियोगिताओं से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ने के साथ-साथ आलोचनात्मक सोच, समस्या समाधान और स्वतंत्र चिंतन जैसी क्षमताओं का विकास होता है।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में CSR पहल
AM/NS इंडिया द्वारा यह पहल अपनी CSR गतिविधियों के तहत की जा रही है। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए इस तरह की गतिविधियां आगे भी जारी रहेंगी।
ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता और सम्मान समारोह को लेकर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में भी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का एक नया अवसर मिला है।

