RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
best news portal development company in india
best news portal development company in india

बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जिलेभर में होंगे विविध आयोजन, जनजातीय गौरव सप्ताह के जरिए गूंजेगी जननायकों की शौर्यगाथा

सत्यानंद यादव 

कोण्डागांव बस्तर के माटी समाचार धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर 2026 तक जनजातीय गौरव सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताहभर जिले में विविध कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में उनके अतुलनीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।

प्रेस वार्ता में जनजातीय गौरव दिवस के प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक डॉ. सुबाहु कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम तथा पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा ने अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की।

इस दौरान डॉ. सुबाहु कश्यप ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के महान स्वतंत्रता सेनानी और जननायक हैं। 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू में जन्मे बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। महज 25 वर्ष की आयु में उनका बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पीएम जनमन अभियान के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) तक आवास, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। वहीं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, वन धन विकास केंद्र, छात्रवृत्ति और सिकल सेल उन्मूलन मिशन जैसी योजनाएं जनजातीय विकास को नई दिशा दे रही हैं।

सप्ताहभर होंगे विविध आयोजन

भाजपा की कार्ययोजना के अनुसार 14 नवंबर को जनजातीय महापुरुषों के स्मारकों एवं प्रतिमाओं की साफ-सफाई और दीपोत्सव, 15 नवंबर को माल्यार्पण तथा 16 से 18 नवंबर तक विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही छात्रावास संपर्क अभियान, शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वाभिमान सम्मेलन, खेलकूद प्रतियोगिताएं और जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।

डॉ. कश्यप ने कहा कि जनजातीय समाज भारतीय संस्कृति और विरासत का अभिन्न अंग है। जनजातीय महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना ही इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

प्रेस वार्ता में भाजपा महामंत्री अनिल अग्रवाल, जितेन्द्र सुराना, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नागेश देवांगन, अनिता नेताम, ईना श्रीवास्तव, बालसिंह बघेल सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Comment

Powered by myUpchar

Weather Forecast

DELHI WEATHER

पंचांग