बस्तर के माटी न्यूज़ ( BKM)

प्लास्टिक मिश्रित कपड़े बिछाकर बन रही इडली में कैंसर का खतरा, कर्नाटक सरकार सख्त हुई
बेंगलुरु। दक्षिण भारत में बेहद लोकप्रिय व्यंजन इडली को लेकर एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। इडली बनाने के दौरान इस्तेमाल हो रहे प्लास्टिक मिश्रित कपड़े से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी फैलने की आशंका जताई गई है। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा विभाग ने 52 रेस्टोरेंट और होटलों पर छापेमारी की और वहां बन रही इडली का सैंपल इकट्ठा कर जांच के लिए लैब में भेजा। रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई कि इडली बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे कपड़े में प्लास्टिक की मिलावट है, जिससे खतरनाक केमिकल निकल रहे हैं। यही केमिकल कैंसर जैसी बीमारियों का कारण बन सकते हैं।

खाद्य विभाग की रिपोर्ट में स्पष्ट कहा गया है कि इडली पकाने के लिए पारंपरिक सूती कपड़े की बजाय प्लास्टिक मिश्रित कपड़े का इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। इस रिपोर्ट के बाद कर्नाटक सरकार ने तुरंत एक्शन मोड में आते हुए सभी होटलों और रेस्टोरेंट्स को निर्देश जारी किया है कि इडली बनाने में केवल शुद्ध सूती कपड़े का ही इस्तेमाल किया जाए।

राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी भी होटल या रेस्टोरेंट में प्लास्टिक मिश्रित कपड़े के इस्तेमाल की पुष्टि होती है, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी इस कदम का समर्थन करते हुए कहा है कि प्लास्टिक गर्म होने पर हानिकारक तत्व छोड़ता है, जो लंबे समय तक सेवन करने पर कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।


