
बीरी घाट,मैनपुर — बीरी घाट इस बार भक्ति के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आया, जब उड़ीसा से आए संकीर्तन मंडलियों की गूंज “हरे कृष्णा हरे राम” के जयघोष से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। करीब 12,000 से 13,000 श्रद्धालु इस पावन संकीर्तन और भंडारा महोत्सव में शामिल हुए।

कार्यक्रम की भव्यता ने स्थानीय ग्रामीणों और दूर-दराज़ से आए भक्तों को भावविभोर कर दिया। बीरी घाट पंचायत भवन से लेकर बीरी घाट चौक तक भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे लोगों को आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ा, फिर भी किसी के चेहरे पर शिकन नहीं दिखी—सभी भक्ति रस में डूबे नज़र आए।

सेवा भाव में भी भक्त पीछे नहीं रहे। सैकड़ों लोगों ने भंडारा आयोजन, जल सेवा और अन्य कार्यों में योगदान दिया। संकीर्तन मंडली का नेतृत्व संकीर्तन गुरु और समर्पित साधकों ने किया, जिनके स्वर और ताल से वातावरण आध्यात्मिकता से ओतप्रोत हो गया।

गोला माल में भी अष्ट प्रहरी नाम यज्ञ का आयोजन धूमधाम से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त सम्मिलित हुए। बीरी घाट अष्टप्रहरी कार्यक्रम में गांव के पति पत्नी जोड़ी समल माझी और सुशील मांझी ने पूरे आयोजन का संचालन बड़ी कुशलता से किया।


इस आयोजन ने न केवल धार्मिक चेतना को जागृत किया, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और आध्यात्मिक समरसता का संदेश भी फैलाया।


