रथयात्रा के पहले होटल में लगी आग, बड़ा हादसा टला
रथयात्रा से पहले मची अफरातफरी — आग लगने से हड़कंप, पुलिस की तत्परता से बचा बड़ा हादसा
बिस्तर की माटी न्यूज़ (BKM), गरियाबंद
गरियाबंद जिले के अमलीपदर में रथयात्रा के दिन एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गुंडीचा मंदिर के सामने स्थित एक नाश्ते की होटल में अचानक आग लग गई। उस वक्त होटल में नाश्ता बनाने और खाने का दौर चल रहा था, और बड़ी संख्या में खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी।

रथयात्रा के चलते क्षेत्र में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने वाली थी। इसी दौरान होटल में लगी आग ने सबको चौंका दिया। अगर यह हादसा कुछ घंटे बाद होता, जब श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती, तो स्थिति भयावह हो सकती थी।
आज रथयात्रा के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई बड़े नेताओं का भी अमलीपदर में आगमन प्रस्तावित था। ऐसे में हादसे का समय और जगह दोनों संवेदनशील थे।
आग की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी, तहसीलदार और पुलिस बल तुरंत सक्रिय हुए। आग बुझाने के उपकरणों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
स्थानीय नागरिकों की सूझबूझ और प्रशासन की तत्परता के चलते कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सवाल उठता है कि
जब लाखों की भीड़ रथयात्रा में जुटती है, तो क्या मौके पर फायर ब्रिगेड की तैनाती नहीं होनी चाहिए थी?
अगर सिलेंडरों तक आग पहुंच जाती, तो क्या हालात संभाले जा सकते थे?
क्या प्रशासन इस हादसे से सबक लेकर अगली बार ऐसी घटनाओं के लिए पूर्ण व्यवस्था करेगा?
स्थानीय लोगों की मांग है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान अग्निशमन वाहन और सुरक्षात्मक उपायों की पहले से पुख्ता व्यवस्था की जाए।
आज प्रशासन की सतर्कता और नागरिकों की सजगता ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया, लेकिन यह चेतावनी भी है कि भीड़भाड़ वाले आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को कभी भी हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।

