अवैध शराब माफिया पर अब की बार पुलिस की सटीक चोट, महिला कमांडो के साथ दबिश, आरोपी जेल दाखिल
बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS),गरियाबंद
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक रखेचा के निर्देश पर जिले भर में नशा मुक्ति अभियान के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना इंदागांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सगड़ा निवासी टामुधर यादव (40 वर्ष) अपने घर में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बना और बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार विजयवार के नेतृत्व में महिला कमांडो दल के साथ दबिश दी गई। पुलिस को देखते ही आरोपी टामुधर प्लास्टिक डिब्बे में रखे करीब 10 लीटर कच्ची महुआ शराब छोड़कर मौके से फरार हो गया। शराब को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस द्वारा लगातार फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। कड़ी पतासाजी के बाद 22 जुलाई को आरोपी को ग्राम सगड़ा से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि 10 दिन पहले भी महिला कमांडो ने सगड़ा गांव में अवैध देसी शराब बनाने के सामान के साथ आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। फरारी के दौरान उसने दोबारा देसी शराब का कारोबार शुरू कर दिया था।

इस बार पुलिस ने सख्त चौकसी के साथ आरोपी को शराब के साथ पकड़ा। जब्त की गई 10 लीटर शराब की अनुमानित कीमत 2000 रुपये बताई गई है। क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ की गई इस सफल कार्रवाई को लेकर पुलिस टीम की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। इस अभियान में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार विजयवार, प्रधान आरक्षक भूपेंद्र निराला, वरिष्ठ आरक्षक राधेश्याम खंडेकर सहित अन्य पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही। नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह नशा मुक्ति अभियान स्थानीय लोगों के बीच विश्वास का प्रतीक बनता जा रहा है।

