RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
best news portal development company in india
best news portal development company in india

बंदूक से सवाल _जवाब से विश्वास ! थाना भ्रमण से बच्चों ने जाना कानून का काम 

बच्चों ने जाना पुलिस का असली चेहरा । थाना भ्रमण से बदली सोच , बड़ा नई बिस्वास

बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS),गरयाबंद

गरियाबंद जिले के पुलिस अधीक्षक श्री निखिल कुमार राखेचा के दिशा-निर्देश पर चलाए जा रहे “थाना भ्रमण कार्यक्रम” के अंतर्गत अमलीपदर शिशु मंदिर स्कूल के कक्षा 8वीं, 9वीं और 10वीं के छात्र-छात्राओं ने स्थानीय थाना का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पुलिस की कार्यशैली, प्रक्रियाएं और जिम्मेदारियों से परिचित कराना था, जिससे समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूती मिल सके।

तिरंगा हाथ में लिए, देशभक्ति के नारों और गीतों के साथ थाना परिसर में प्रवेश करते हुए बच्चों का दृश्य बेहद प्रेरणादायक था। उनके चेहरों पर जिज्ञासा और उल्लास साफ नजर आ रही थी। थाना प्रभारी दिलीप कुमार मेश्राम और उनकी टीम ने बच्चों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें पूरे थाना परिसर का भ्रमण करवाया।

 

थाने के प्रारंभिक रिपोर्ट टेबल से लेकर थाना अधिकारी के चेंबर तक, एक-एक कक्ष का निरीक्षण करते हुए बच्चों को FIR दर्ज करने की प्रक्रिया, पूछताछ, केस डायरी, और आरोपियों को जेल भेजने तक की पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया गया। बच्चों ने हर पहलू को ध्यान से सुना और समझा। थाना प्रभारी समेत अन्य स्टाफ ने उनके हर सवाल का उत्साहपूर्वक जवाब दिया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों में सबसे अधिक उत्सुकता पुलिस द्वारा उपयोग की जाने वाली बंदूक और उससे जुड़ी तकनीकी जानकारी को लेकर रही। बच्चों ने बंदूक, गोलियों के प्रकार, उपयोग के तरीके जैसे अनेक सवाल पूछे, जिनका विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। यह देखा गया कि पहले पुलिस को देखकर डरने वाले बच्चे, अब सहज होकर पुलिसकर्मियों से घुल-मिल रहे थे और खुलकर बातचीत कर रहे थे।

भ्रमण के पश्चात थाना परिसर में एक सांस्कृतिक एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि और भाजपा के कद्दावर नेता निर्भय सिंह ठाकुर एवं विशेष अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय दुबे, भाजपा के जिलामंत्री डॉ. मनीष सिन्हा, कांग्रेस के दिग्गज नेता पंकज माझी और शिशु मंदिर के प्राचार्य राजेश चक्रधारी एवं उनके साथी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार डॉ.राजीव लोचन पंडा ने किया।

थाना प्रभारी दिलीप मेश्राम द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत गुलदस्ता एवं तिलक लगाकर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं मुक्तांजलि प्रधान और वंदना नायक द्वारा एकल देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए, जिनसे कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति का भाव और वातावरण और भी सजीव हो गया। इन्हें मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मान राशि भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर थाना प्रभारी ने उपस्थित बच्चों से संवाद करते हुए बताया कि पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य सिर्फ अपराधियों को पकड़ना नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास कायम करना भी है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि यदि भविष्य में कोई अपराध या अन्याय हो, तो बिना डर के पुलिस से संपर्क करें।

कार्यक्रम में शामिल कई बच्चों ने यह स्वीकार किया कि पहले वे पुलिस को देखकर डरते थे, लेकिन आज का अनुभव उनकी सोच को बदल गया है। छात्रा बंदना नायक ने कहा, “आज हमें समझ आया कि पुलिस हमारी रक्षक है, न कि कोई डराने वाली शक्ति। अब अगर कोई अन्याय होगा, तो हम डरने के बजाय पुलिस की मदद लेंगे।”

कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और वक्ताओं ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का यह कदम बच्चों के मन में सकारात्मक छवि गढ़ने में सफल रहा है। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को अन्य थानों में भी नियमित रूप से करने की बात कही, ताकि भविष्य की पीढ़ी में पुलिस के प्रति आत्मीयता और विश्वास का भाव बना रहे।

कार्यक्रम में थाना अमलीपदर की ओर से मेजर राजेश बघेल, रिजवान खान, लोकेश्वर निषाद, प्रकाश बघेल, अभिमन्यु तांडी, पवन यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को एक सार्थक सामाजिक संवाद की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

इस प्रकार का आयोजन न केवल बच्चों को ज्ञानवर्धक अनुभव देता है, बल्कि समाज और पुलिस के बीच मजबूत रिश्ता स्थापित करने का माध्यम भी बनता है ।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Comment

Powered by myUpchar

Weather Forecast

DELHI WEATHER

पंचांग