RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
best news portal development company in india
best news portal development company in india

अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई के बाद लगा 16-16 हजार का जुर्माना, खनिज विभाग से छुड़ाना पड़ा ट्रैक्टर — ग्रामीणों की 10 किमी पैदल रैली से गूंजा मैनपुर

बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS), गरियाबंद 

दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को मैनपुर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ एसडीएम डॉ. तुलसीदास मरकाम के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान एसडीएम ने दो ट्रैक्टर जब्त किए, जो बिना अनुमति के झापन नदी से रेत भरकर परिवहन कर रहे थे।

 

पहला ट्रैक्टर हरेंद्र ध्रुव द्वारा चलाया जा रहा था, जिसमें लगभग 120 घन फीट रेत भरी थी। वहीं दूसरा ट्रैक्टर स्वराज वाहन क्रमांक CG-16CQ-3704 था, जिसे जसपाल नायक चला रहे थे। यह ट्रैक्टर झरिया बहरा के पास रेत लोडिंग के लिए जा रहा था। मौके पर मौजूद पांच मजदूरों के पास फावड़ा और घमेला जैसे उपकरण मिले। दोनों ट्रैक्टरों को एसडीएम ने मैनपुर थाना के सुपुर्द कर दिया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही खनिज विभाग की टीम ने झापन नदी का निरीक्षण किया, जहाँ अवैध खुदाई के स्पष्ट प्रमाण मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर गरियाबंद के निर्देश पर दोनों ट्रैक्टर मालिकों पर 16-16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जुर्माना जमा करने के बाद ही खनिज विभाग की ओर से ट्रैक्टरों को छोड़ा गया।

 

इस कार्रवाई के विरोध में बैईर गुड़ा, झरिया बहरा और आसपास के ग्रामीणों ने करीब 10 किलोमीटर लंबी पैदल रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया। रैली का नेतृत्व सुखचंद ध्रुव ने किया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि अगर सरकार उन्हें रेत निकालने की अनुमति नहीं देती, तो वे घर कैसे बनाएंगे।

ग्रामीणों ने यह भी मांग रखी कि सरकार या तो निर्माण कार्यों के लिए रेत की वैध व्यवस्था करे, या फिर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें घर उपलब्ध कराए।

रैली जनपद पंचायत मैनपुर कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई, जहाँ ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा। प्रशासन की सख्त कार्रवाई के बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे आंदोलन जारी रखेंगे।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Comment

Powered by myUpchar

Weather Forecast

DELHI WEATHER

पंचांग