सड़क व पुलिया के अभाव में मरीज कोसा ताती को खटिया पर लादकर पहुंचाया अस्पताल
बीजापुर बस्तर के माटी समाचार
बीजापुर जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर ग्राम कचलारम, पटेलपारा में मूलभूत सुविधाओं के अभाव की एक गंभीर तस्वीर सामने आई है। जानकारी के अनुसार पटेलपारा निवासी एक मरीज को इलाज के लिए खटिया (चारपाई)में लादकर लाया गया। कारण यह रहा कि पटेलपारा तक जाने के लिए सड़क और पुलिया की सुविधा नहीं होने से वाहन वहां तक वाहन नहीं पहुंच सका।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में रास्ता और भी अधिक दुर्गम हो जाता है। ऐसे में गंभीर मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाना बेहद मुश्किल हो जाता है। इस घटना में भी ग्रामीणों को कई किलोमीटर पैदल चलकर मरीज को ताती पर लाना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क एवं पुलिया निर्माण की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में प्रशासनिक उदासीनता को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क व पुलिया निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी मरीज को इस तरह जान जोखिम में डालकर इलाज के लिए न ले जाना पड़े।

