RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
RNI NO. CHHHIN /2021 /85302
best news portal development company in india
best news portal development company in india

हाईटेक चोर, हाईटेक कार… और भगवान का ‘हाई अलर्ट’ पहरा! एग्जिट फैन में आधा लटका रह गया

राजस्थान के कोटा जिले के बोरखेड़ा थाना अंतर्गत पाटे नगर से चोरी का एक ऐसा अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ पुलिस बल्कि आम लोगों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है। यह मामला जितना हैरान करने वाला है, उतना ही मज़ेदार भी—जहां चोरी करने आया चोर खुद अपने ही जाल में फंस गया, वो भी एग्जिट फैन के छेद में आधा लटककर।

खाटू श्याम का चमत्कार! चोरी करने घुसा चोर, एग्जिट फैन में आधा लटका रह गया

मिली जानकारी के अनुसार, पाटे नगर निवासी सुभाष रनोत अपने पूरे परिवार के साथ 3 जनवरी को खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए गए थे। घर बंद था। परिवार ने भगवान से सुख-समृद्धि और मेहनत की कमाई की रक्षा की कामना की थी। शायद यही वजह रही कि भगवान ने भी अपने अंदाज़ में “चौकीदारी” संभाल ली।
इसी दौरान दो चोर एक कार में सवार होकर चोरी के इरादे से घर पहुंचे। खास बात यह रही कि जिस कार से वे आए थे, उस पर पुलिस का लोगो भी लगा हुआ था, जिससे किसी को शक न हो। यही नया तरीका आजकल चोर अपना रहे हैं—ताकि लोग और पुलिस दोनों भ्रम में रहें।
चोरों ने घर में घुसने के लिए किचन के एग्जिट फैन का रास्ता चुना, लेकिन यहीं किस्मत ने पलटी मार ली। एक चोर जैसे ही छेद से अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था, वह बीच में ही फंस गया। न आगे जा सका, न पीछे निकल पाया। आधा शरीर बाहर और आधा अंदर—मानो भगवान ने खुद उसे वहीं “लटका” दिया हो।

कार बनी चोरी का हथियार, लेकिन चाबी ने ही खोल दी पोल

सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया, जब पता चला कि कार की चाबी उसी फंसे हुए चोर की जेब में थी। चाबी जेब से गिरकर घर की तरफ चली गई। बाहर खड़ा दूसरा चोर न तो अपने साथी को निकाल सका, न ही कार लेकर भाग पाया। घबराकर वह मौके से फरार हो गया, अपने साथी को वहीं छोड़कर।

सुबह जब सुभाष रनोत का परिवार दर्शन कर वापस लौटा और स्कूटी से घर पहुंचा, तो जो दृश्य देखा, वह किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। एग्जिट फैन पर एक व्यक्ति का आधा शरीर लटका हुआ था। पहले तो परिवार को समझ ही नहीं आया कि माजरा क्या है। जब ध्यान से देखा गया, तब पता चला कि यह तो चोरी करने आया चोर है।
तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चोर को बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चोरी की पूरी साजिश का खुलासा हुआ।

सवाल बड़ा है_ कार में घूमने वाला अनजान शख्स—शरीफ या शातिर?

यह मामला सिर्फ एक चोरी की घटना नहीं, बल्कि आज के समय में बदलते अपराध के तरीकों पर बड़ा सवाल भी खड़ा करता है। अब चोर हाईटेक कारों, पुलिस जैसे दिखने वाले वाहनों और नए-नए हथकंडों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे आम आदमी ही नहीं, पुलिस भी असमंजस में है कि कार में घूमने वाला शख्स चोर है या शरीफ इंसान?
गौर करने वाली बात यह भी है कि ऐसा ही एक मामला कुछ महीने पहले छत्तीसगढ़ के अमलीपदर–देवभोग थाना क्षेत्र में भी सामने आ चुका है, जहां कार से चोरी करने वाले एक चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ था

अब सवाल साफ है— क्या कार अब सुरक्षा का नहीं, अपराध का नया औज़ार बनती जा रही है? क्या पुलिस के नाम और लोगो का गलत इस्तेमाल अपराधियों को और बेखौफ बना रहा है? और सबसे बड़ा सवाल—आखिर आम आदमी भरोसा किस पर करे?

फिलहाल इस मामले ने एक बात तो साफ कर दी है— चोर चाहे जितना चालाक हो जाए, लेकिन ऊपर वाला जब चौकीदारी पर आ जाए, तो चोरी अधूरी ही रह जाती है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Reddit
Telegram

Leave a Comment

Powered by myUpchar

Weather Forecast

DELHI WEATHER

पंचांग