बीजापुर में जिला सलाहकार पर आरोप, कार्रवाई नहीं होने से उठे सवाल
बीजापुर बस्तर के माटी समाचार
जिले में एक बार फिर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताज़ा मामला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से जुड़े जिला सलाहकार अमृत दास साहू से संबंधित है, जिनके खिलाफ कई गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतों में पद एवं अधिकारों के दुरुपयोग, शासकीय दस्तावेजों में अनियमितता और अन्य प्रशासनिक गड़बड़ियों के आरोप शामिल हैं। शिकायतकर्ताओं ने इस संबंध में 02 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री कार्यालय रायपुर को लिखित आवेदन सौंपा था। इसके बाद 03 फरवरी और 07 फरवरी 2026 को ई-मेल के माध्यम से भी जिला प्रशासन बीजापुर को शिकायत भेजी गई। साथ ही, मामले में सूचना के अधिकार (RTI) के तहत जानकारी भी मांगी गई है।
हालांकि, अब तक इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। न तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, न ही उन्हें सेवा से हटाया गया है और न ही किसी जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया गया है।
इस निष्क्रियता को लेकर आम नागरिकों और शिकायतकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप गंभीर हैं तो निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। दोष सिद्ध होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जरूरी है।
नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले में पारदर्शिता बरती जाए और जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि प्रशासन पर जनता का विश्वास बना रहे।

