सत्यानंद यादव
कोंडागांव/ फरसगांव बस्तर के माटी समाचार फरसगांव वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पाटला में भालू के हमले से एक 27 वर्षीय युवती हुई घायल। घटना 29 मई 2026 की सुबह 7 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती कुमारी संजुला नेताम अपने पिता आसमान नेताम और छोटे भाई संदीप नेताम के साथ अपने घर से करीब सौ मीटर की दूरी में स्थित अपने ही खेत में मक्का तोड़ाई करने गए हुए थे, इसी दौरान अचानक भालू ने पीछे से उस पर हमला कर दिया।
हमले में युवती के बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तत्काल उपचार के लिए फरसगांव अस्पताल पहुंचाया गया। उसके बाद बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया । घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे लोगों में भय बना हुआ है।
वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा गांव के आसपास गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील भी की गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
ग्रामीणों ने घटना को लेकर सामूहिक रूप से ज्ञापन भी सौंपा है और जल्द कार्रवाई की मांग की है।

