इंदागांव में नशा मुक्ति अभियान कार्यक्रम का आयोजन, स्कूली बच्चों व ग्रामीणों को दी जागरूकता
बस्तर की माटी न्यूज़,(BKM NATIONAL NEWS)गरयाबंद
“नया सबेरा” अभियान के तहत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने का था।

इंदागांव ग्राम पंचायत में आयोजित बैठक में थाना प्रभारी जितेंद्र विजयवार ने नशाखोरी के बढ़ते प्रभाव और उससे होने वाले नुकसान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इंदागांव थाना क्षेत्र की चारों दिशाओं में ओडिशा की सीमा लगने के कारण यहां नशा सेवन की समस्या अधिक गंभीर है। कई लोग ओडिशा जाकर शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन करते हैं और फिर क्षेत्र में लौट आते हैं, जिससे न केवल कानून व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि लोगों का स्वास्थ्य भी गंभीर रूप से प्रभावित होता है।

थाना प्रभारी ने बच्चों और युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बारीकी से समझाया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति की सेहत को बर्बाद करता है, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। इस दौरान उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि यदि क्षेत्र में कहीं भी अवैध रूप से नशे का कारोबार हो रहा है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना इंदागांव पुलिस का यह प्रयास स्थानीय लोगों में सकारात्मक संदेश छोड़ गया। ग्रामीणों और स्कूली छात्रों ने भी नशे के खिलाफ लड़ाई में सहयोग देने का संकल्प लिया। इस पहल से उम्मीद है कि क्षेत्र में नशाखोरी की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी और समाज एक स्वस्थ एवं सुरक्षित दिशा में आगे बढ़ेगा।

