इंदा गांव में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की गूंज — मतदाता सूची शुद्धिकरण के लिए शुरू हुआ जागरूकता अभियान
बस्तर की माटी न्यूज़ (BKM NATIONAL NEWS), गरियाबंद
गरियाबंद जिले के इंदा गांव ग्राम पंचायत क्षेत्र में आज से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR – Special Intensive Revision) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत गांव में पारदर्शी, सटीक और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
गांव के गलियों और मोहल्लों में चुनाव विभाग के कर्मचारी माइक लेकर घूम-घूम कर ग्रामीणों को जागरूक कर रहे हैं। माइक से लगातार यह घोषणा की जा रही है कि हर पात्र मतदाता अपने परिगणना फॉर्म भरकर समय पर अपने BLO (बी.एल.ओ.) को जमा करें। कर्मचारियों ने बताया कि जो व्यक्ति फॉर्म नहीं भरेंगे, उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं।
इस विशेष पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मृत व्यक्तियों, स्थायी रूप से स्थानांतरित लोगों और दोहरी प्रविष्टियों को सूची से हटाना है। साथ ही फर्जी नामों को मिटाकर एक शुद्ध, स्वच्छ और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
कर्मचारियों ने माइक से ग्रामीणों को यह भी बताया कि फॉर्म भरने से पहले वे अपने दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो जरूर खिंचवाएं, जिनका बैकग्राउंड सफेद होना चाहिए। साथ ही पहचान पत्र और निवास संबंधी दस्तावेज भी तैयार रखें ताकि प्रक्रिया में कोई परेशानी न हो।
इंदा गांव में यह अभियान उत्साह के साथ चलाया जा रहा है। कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को समझा रहे हैं कि यह कार्य लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का है। ग्रामीण भी इसमें सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और अपने परिवार व पड़ोसियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने या संशोधन कराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

