पोटाकेबिन कन्या छात्रावास मामला: नाबालिग छात्राओं के गर्भवती होने पर कांग्रेस ने बनाई 9 सदस्यीय जांच समिति
बीजापुर/रायपुर बस्तर के माटी समाचार
बीजापुर जिले के गंगालूर क्षेत्र स्थित पोटाकेबिन कन्या छात्रावास में नाबालिग छात्राओं के गर्भवती होने के गंभीर मामले को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांच के लिए 9 सदस्यीय समिति का गठन किया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सुकमा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंगमा को समिति का संयोजक बनाया गया है। समिति में प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, जो मामले की विस्तृत जांच करेंगे।
जारी पत्र के अनुसार, जांच समिति के सदस्यों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल प्रभावित छात्रावास और गांव का दौरा कर पीड़ित छात्राओं, उनके परिजनों तथा संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की वस्तुस्थिति का पता लगाएं। इसके बाद समिति अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।
इस संवेदनशील मामले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और अब जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

